छत्तीसगढ़ / मुंगेली

जिला जेल का किया गया संयुक्त निरीक्षण बंदियों की सुविधाओं और जातिगत भेदभाव की शिकायतों की हुई जांच

मुंगेली - छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशानुसार जिला जेल मुंगेली का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य जेल लीगल एड क्लिनिक के कार्यों को मजबूत करने के साथ-साथ बंदियों को उपलब्ध सुविधाओं एवं जातिगत भेदभाव संबंधी शिकायतों की स्थिति का जायजा लेना था। निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती गिरिजा देवी मेरावी, कलेक्टर  अमृत विकास तोपनो, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट तथा प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सतीश खाखा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा, जिला पंचायत सीईओ  गोकुल रावटे, जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्रीमती शीला साहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

     
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती गिरिजा देवी मेरावी ने बैरकों में जाकर प्रत्येक बंदी से मुलाकात की और उनके न्यायालयीन प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने बंदियों के स्वास्थ्य, भोजन, पेयजल, भोजन कक्ष, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष तथा जेल परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया। जातिगत भेदभाव के संबंध में भी बंदियों से पूछताछ की गई तथा उनके प्रकरणों की पैरवी और विधिक सहायता की स्थिति के बारे में जानकारी ली गई। अभिरक्षाधीन बंदियों को प्रदान की जा रही विधिक सहायता तथा उनके प्रकरणों की पैरवी के लिए निजी एवं प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराए जाने वाले एलएडीसीएस अधिवक्ताओं के संबंध में भी जानकारी दी गई। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक सुश्री ममता पटेल ने जेल परिसर में व्याप्त विभिन्न समस्याओं से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को अवगत कराया। निरीक्षण में चीफ एलएडीसीएस  टीकम चंद्राकर, असिस्टेंट एलएडीसीएस रतिराम बर्मन, पी.एल.व्ही. प्रकाश साहू एवं धर्मेन्द्र शर्मा उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image