रिसाली निगम में दिव्यांग शिविर 8 सितंबर को
रिसाली । नगर पालिक निगम रिसाली के सभागार में 8 सितंबर को दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक किया जाएगा। यह शिविर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।
आशीष नगर वार्ड के पार्षद मनीष यादव ने बताया कि शिविर में पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे। इनमें कान की मशीन, बैसाखी, ट्राई साइकिल, बैटरी चलित वाहन एवं कृत्रिम अंग शामिल हैं।
पार्षद मनीष यादव ने वार्ड सहित पूरे निगम क्षेत्र के पात्र दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर शिविर में पहुंचकर योजना का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि कोई भी पात्र दिव्यांग हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न रहे।
ये दस्तावेज लाना जरूरी
शिविर में लाभ लेने के लिए हितग्राहियों को दिव्यांग प्रमाण पत्र, पार्षद द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र, यूडीआईडी प्रमाण पत्र की प्रति, दिव्यांगता स्पष्ट दिखाई देने वाले दो फोटो तथा आधार कार्ड साथ लाना होगा।
पार्षद ने यह भी स्पष्ट किया कि तीन वर्ष पूर्व योजना का लाभ ले चुके हितग्राहियों को इस शिविर में दोबारा लाभ नहीं दिया जाएगा। मनीष यादव ने कहा, “सशक्त दिव्यांग, समृद्ध समाज ही हमारा लक्ष्य है। मेरा प्रयास है कि मेरे वार्ड का एक भी पात्र दिव्यांग भाई-बहन योजना से वंचित न रहे।”