छत्तीसगढ़ / रायपुर

रायपुर : सेवा संकल्प अभियान : महतारी वंदन योजना अनीता और उनके परिवार के लिए बना सहारा

 ग्राम रनई निवासी 31 वर्षीय श्रीमती अनीता बरगाह के लिए परिवार की जिम्मेदारियां और बच्चों का भविष्य हमेशा सबसे बड़ी प्राथमिकता रही है। पति श्री नंद कुमार बरगाह के साथ खेती-बाड़ी और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाली अनीता के लिए घर की जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ दो बच्चों की पढ़ाई का खर्च संभालना आसान नहीं होता। ऐसे में महतारी वंदन योजना उनके परिवार के लिए आर्थिक सहारे की महत्वपूर्ण कड़ी बनी है।

महतारी वंदन योजना के तहत हर माह मिलने वाली एक हजार रुपए की राशि अनीता के लिए छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने में बड़ी मददगार साबित हो रही है। वह इस राशि का उपयोग घर-परिवार की आवश्यकताओं और बच्चों की पढ़ाई से जुड़े खर्चों में करती हैं। जरूरत के समय मिलने वाली यह नियमित सहायता परिवार के बजट को संभालने में उनका साथ देती है।
अनीता बताती हैं कि खेती-बाड़ी और मजदूरी से होने वाली आय हमेशा एक जैसी नहीं रहती। कभी काम मिलता है तो कभी आमदनी कम हो जाती है। ऐसे समय में महतारी वंदन की राशि घर की जरूरतों को पूरा करने में सहारा देती है। बच्चों की पढ़ाई के लिए आवश्यक छोटी-छोटी चीजों की जरूरत होने पर भी अब उन्हें पहले की तुलना में कम चिंता होती है।
अनीता के लिए इस योजना का सबसे बड़ा महत्व यह है कि इससे उन्हें अपने परिवार की जरूरतों में स्वयं योगदान देने का अवसर मिला है। हर माह खाते में आने वाली राशि उन्हें आर्थिक रूप से अधिक आत्मविश्वास देती है और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए आगे बढ़ने का हौसला भी।
अनीता कहती हैं, “महतारी वंदन योजना की राशि हमारे लिए बहुत उपयोगी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बड़े भाई की तरह चिंता करते हुए रक्षाबंधन पर्व के एक सप्ताह पहले हमें उपहार दी है। उन्होंने बताया कि इस राशि से घर के छोटे-छोटे काम पूरे हो जाते हैं और बच्चों की पढ़ाई में भी मदद मिलती है। परिवार की जरूरतों के बीच यह राशि हमें बड़ा सहारा देती है।” दो बच्चों की मां अनीता के लिए बच्चों की अच्छी शिक्षा और उनका उज्ज्वल भविष्य सबसे बड़ा सपना है। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली नियमित सहायता इस सपने को पूरा करने की दिशा में उनके लिए एक मजबूत सहारा बन रही है।

अनीता की कहानी बताती है कि आर्थिक सहयोग की छोटी-सी पहल भी परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी में बड़ा बदलाव ला सकती है। महतारी वंदन योजना उनके लिए सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि अपने परिवार को बेहतर भविष्य देने के प्रयास में मिला भरोसे का सहारा है।

Leave Your Comment

Click to reload image