छत्तीसगढ़ / रायपुर

विवेकानंद नगर में तपस्वियों के सम्मान के साथ निकलेगी भव्य रथयात्रा

 रायपुर । विवेकानंद नगर में जारी सर्वमंगलमय वर्षावास के अंतर्गत 49 दिवसीय पंच परमेष्ठी श्रेणी तप के निमित्त तीन दिवसीय रत्नत्रयी महोत्सव का आयोजन 20 सितंबर तक किया जाएगा। जिनपीयूषसागर के शिष्य मुनि संवेगरत्नसागर आदि ठाणा-5 के सान्निध्य में होने वाले इस आयोजन में शनिवार को धार्मिक अनुष्ठान, तपस्वियों का अभिनंदन, रथयात्रा और भक्तिमय कार्यक्रम होंगे।

महोत्सव की शुरुआत सुबह 7.30 बजे 21 दिवसीय दादागुरुदेव इकतीसे के निमित्त मूर्ति, कलश, दीपक और तोरण स्थापना से होगी। इसके बाद सुबह 8.30 बजे संभवनाथ जिनालय, विवेकानंद नगर से पटवा भवन तक बैंड-बाजे, हाथी-घोड़े-ऊंट के साथ धर्मध्वजा फहराते हुए भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी।

रथयात्रा में पंच परमेष्ठी श्रेणी तप करने वाले करीब 50 तपस्वी बग्गी में सवार होंगे। लाभार्थी परिवार द्वारा सभी तपस्वियों का तिलक, माला, श्रीफल और पद प्रक्षालन के माध्यम से अभिनंदन एवं बधामना होगा। इसके बाद  साधर्मिक वात्सल्य का आयोजन रत्न प्रभ सुरी भवन विवेकानंद नगर में किया जाएगा।

शाम को भक्ति-संगीत से सजेगी धर्मसभा 
महोत्सव के तहत शाम 7 बजे पटवा भवन में पंच परमेष्ठी श्रेणी तप के निमित्त भक्ति-संगीत का कार्यक्रम होगा। अहमदाबाद के -भाविक मेहता द्वारा भावपूर्ण प्रस्तुति दी जाएगी, जबकि नासिक के संगीतकार हर्ष शाह संगीत की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम में तप, संवेदना, भक्ति और आध्यात्मिक भाव का संगम देखने को मिलेगा।

भक्तामर अभिषेक- ज्ञानवल्लभ उपाश्रय में हुई सामूहिक क्षमायाचना

 
 
 
 
 
 

49 दिवसीय पंच परमेष्ठि श्रेणी तप के निमित्त तीन दिवसीय रत्नत्रयी महोत्सव की शुरुआत 18 सितंबर से हुई। मुनि संवेगरत्न सागर आदि ठाणा-5 के सान्निध्य में सुबह संभवनाथ जिनालय में भक्तामर अभिषेक के बाद ज्ञानवल्लभ उपाश्रय में सामूहिक क्षमायाचना हुई। श्रद्धालुओं ने मनमुटाव और जाने-अनजाने हुई भूलों के लिए एक-दूसरे से क्षमा मांगकर मैत्री व आत्मचिंतन का संदेश दिया। इसके बाद साधार्मिक वात्सल्य का आयोजन हुआ।

मेहंदी-सांझी में तपस्वियों का हुआ अभिनंदन 
दोपहर में संभव महिला मंडल एवं स्नेहल व्यास की ओर से मेहंदी-सांझी का भक्तिमय आयोजन हुआ। बैंड-बाजे के साथ श्रावक-श्राविकाएं मेहंदी के थाल लेकर उपाश्रय पहुंचे। तपस्वियों को मेहंदी लगाकर उनका अभिनंदन किया गया। महिला मंडल ने तपस्या के निमित्त भक्ति गीत प्रस्तुत किए।

20 सितंबर को पंच परमेष्ठी श्रेणी तप का शाही पारणा
चातुर्मास समिति अध्यक्ष जसराज लुनिया एवं महासचिव सुरेश बरड़िया ने बताया कि 2 अगस्त से चल रही 49 दिवसीय तपस्या में अब केवल एक उपवास शेष है। 19 सितंबर को करीब 50 तपस्वी तप पूर्ण करेंगे, जबकि 20 सितंबर को पंच परमेष्ठि श्रेणी तप का शाही पारणा होगा।

 

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image