छत्तीसगढ़ / कांकेर

सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यालयों में भाषण प्रतियोगिता आयोजित

 उत्तर बस्तर कांकेर । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज कांकेर जिले के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण, सेवा भावना, विकसित भारत-2047, शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण एवं अपने सपनों के भारत जैसे विषयों पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए। 

विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास और भविष्य के भारत की कल्पना को शब्दों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। भाषण प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों को अपने विचार व्यक्त करने का अवसर मिला। उन्होंने देश के विकास में युवाओं एवं विद्यार्थियों की भूमिका, सामाजिक जिम्मेदारी तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

इसी क्रम में विद्यालयों में न्योता भोज का आयोजन भी किया गया। इसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं समुदाय के सदस्यों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से भोजन किया और विद्यालय परिवार एवं समुदाय के साथ मिलकर कार्यक्रम को उत्साहपूर्वक संपन्न किया। न्योता भोज के माध्यम से विद्यार्थियों में आपसी सहयोग, सहभागिता एवं सामाजिक अपनत्व की भावना को बढ़ावा दिया गया।

उल्लेखनीय है कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 18 सितंबर को आयोजित ’मेरे सपनों का भारत” चित्रकला प्रतियोगिता’ में विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए उत्कृष्ट चित्रों की प्रदर्शनी भी विद्यालयों में लगाई गई। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपने सपनों के भारत को रंगों और कल्पनाओं के माध्यम से अभिव्यक्त किया। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा, रचनात्मकता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा और विचारों को व्यक्त करने के लिए मंच प्रदान किया जा रहा है।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image