छत्तीसगढ़ / कांकेर

जिले में 30 सितंबर से 10 अक्टूबर तक लगेगा मेगा स्वास्थ्य शिविर

 उत्तर बस्तर कांकेर ।  “सेवा संकल्प अभियान के तहत कांकेर जिले के विभिन्न विकासखंडों में 30 सितंबर से 10 अक्टूबर तक मेगा स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराना है। शिविरों की थीम “सभी के लिए स्वस्थ जीवन” रखी गई है। शिविरों में चिकित्सा सेवा, टीकाकरण एवं दवाई वितरण सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 सितंबर को कांकेर विकासखंड के ग्राम मोदे के शासकीय हाई स्कूल प्रांगण में, 01 अक्टूबर को चारामा विकासखंड अंतर्गत ग्राम हल्बा के  मेलाभाठा स्थल, 02 अक्टूबर को कांकेर जिला मुख्यालय के जनकपुर वार्ड स्थित मेलाभाठा रंगमंच, 03 अक्टूबर को कोयलीबेड़ा जनपद पंचायत परिसर, 04 अक्टूबर को भानुप्रतापपुर के ग्राम तारांदुल स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर तथा 05 अक्टूबर को दुर्गूकोंदल के ग्राम कोड़ेकुर्से स्थित दुर्गा मंच में शिविर आयोजित होगा। इसी क्रम में 06 अक्टूबर को नरहरपुर विकासखंड के ग्राम मांडाभर्री स्थित पंचायत भवन परिसर, 07 अक्टूबर को अंतागढ़ के ग्राम आमाबेड़ा स्थित बाजार स्थल दुर्गा चौक तथा 10 अक्टूबर को कोयलीबेड़ा के ग्राम माहला स्थित प्राथमिक शाला खेल मैदान में मेगा स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। जिला प्रशासन ने लोगों से निर्धारित तिथि एवं स्थल पर पहुंचकर शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने की अपील की है।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image