छत्तीसगढ़ / बलौदा बाजार

खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने डेयरी एनालॉग उत्पादों का किया औचक निरीक्षण

 वैध खाद्य पंजीयन नहीं होने पर गोपाला डेयरी को कराया गया बंद

बलौदाबाजार, 23 सितम्बर 2026

कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा के निर्देश एवं अक्षय कुमार मोनी अभिहित अधिकारी के मार्गदर्शन में डेयरी एनालॉग कृत्रिम, नकली डेयरी उत्पादों के विरुद्ध सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।

 खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम द्वारा गोपाला डेयरी एक्सिस बैंक के बाजू बलौदाबाजार का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गोपाला डेयरी में उपलब्ध पनीर और दही की गुणवत्ता पर डेयरी एनालॉग होने का संदेह होने पर खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से पनीर एवं दही का वैधानिक नमूना जब्त किया गया। सैम्पल रासायनिक विश्लेषण के लिए तत्काल राज्यं खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की दंडात्मक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जांच के दौरान जब फर्म के संचालक से खाद्य कारोबार से जुड़े वैधानिक दस्तावेज मांगे गए, तो मौके पर कोई भी वैध खाद्य लाइसेंस या पंजीयन प्रस्तुत नहीं किया गया, इसे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 का गंभीर उल्लंघन मानते हुए विभाग द्वारा तत्काल प्रकरण तैयार किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा गोपाला डेयरी को लिखित निर्देश जारी कर वैध खाद्य पंजीयन, लाइसेंस बनवाए जाने तक खाद्य कारोबार को तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए है।

Leave Your Comment

Click to reload image