छत्तीसगढ़ / सरगुजा

महापौर के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों, स्व सहायता समूहों और वार्डवासियों ने किया श्रमदान

 अम्बिकापुर । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर निगम अम्बिकापुर द्वारा स्थानीय दीवान तालाब में स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान चलाया गया। ‘सेवा मेरा योगदानदृस्वच्छता ही सेवा’ के तहत महापौर मंजूषा भगत के नेतृत्व में आयोजित अभियान में एमआईसी सदस्यों, वार्ड पार्षदों, वार्डवासियों, स्व सहायता समूहों के सदस्यों तथा नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए श्रमदान किया।

अभियान के दौरान दीवान तालाब के घाटों एवं आसपास के परिसर की साफ-सफाई की गई। जनप्रतिनिधियों, स्व सहायता समूहों के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर तालाब परिसर में फैले कचरे एवं अन्य अपशिष्ट को हटाया। इस दौरान नागरिकों को जल स्रोतों की स्वच्छता, संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जागरूक करते हुए इसमें सक्रिय जनभागीदारी का संदेश दिया गया।

महापौर भगत ने वार्डवासियों से दीवान तालाब एवं उसके आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि तालाब एवं अन्य सार्वजनिक जल स्रोत हमारी सामूहिक धरोहर हैं और इनकी स्वच्छता एवं संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से तालाब में किसी भी प्रकार का कचरा नहीं फेंकने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस स्वच्छता अभियान में जनप्रतिनिधियों, स्व सहायता समूहों, स्थानीय नागरिकों एवं नगर निगम कमिश्नर विनय अग्रवाल सहित अधिकारी-कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रही।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image