सेवा संकल्प अभियान की भावना से बदली भैमी साहू की जिंदगी
दंतेवाड़ा । सेवा संकल्प अभियान की भावना के अनुरूप शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। इसी क्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 ने दंतेवाड़ा की श्रीमती भैमी साहू के जीवन को नई दिशा दी है। विगत वर्ष 2025 में जिले में आई विनाशकारी बाढ़ में अपना कच्चा मकान खोने के बाद उनके सामने रहने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई थी, लेकिन शासन की योजना और प्रशासन की पहल से आज उन्हें सुरक्षित और पक्का आशियाना मिल गया है। कच्चे मकान से पक्के घर तक का यह सफर उनके लिए नई उम्मीद, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की शुरुआत बन गया है।
नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा के वार्ड क्रमांक 06, आंवराभाटा निवासी श्रीमती भैमी साहू लंबे समय से आर्थिक कठिनाइयों के बीच अपने इकलौते बेटे के पालन-पोषण और उसकी पढ़ाई की जिम्मेदारी उठा रही थीं। पति की अनुपस्थिति में वे झाड़ू-पोछा का काम कर परिवार का भरण-पोषण करती थीं। उनका घर टीन की छत वाला कच्चा मकान था। गर्मियों में तेज गर्मी और बारिश के दिनों में छत से पानी टपकने के कारण परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
वर्ष 2025 में दंतेवाड़ा मुख्यालय के सीमावर्ती क्षेत्रों में आई भीषण बाढ़ ने उनकी मुश्किलों को और बढ़ा दिया। बाढ़ का पानी उनके कच्चे मकान में भर गया और देखते ही देखते उनका आशियाना पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर ढह गया। अचानक सिर से छत छिन जाने के बाद उनके सामने परिवार के लिए सुरक्षित आवास की गंभीर समस्या खड़ी हो गई। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और आगे बढ़ने का प्रयास जारी रखा।
इसी दौरान स्थानीय लोगों से उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 की जानकारी मिली। उन्होंने नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा कार्यालय में संपर्क कर योजना के तहत आवेदन प्रस्तुत किया। प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके आवेदन को स्वीकृति प्रदान की गई। योजना के तहत 35 वर्ग मीटर कारपेट एरिया के आवास निर्माण के लिए उन्हें कुल 2.50 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत हुई, जिसमें केन्द्रांश 1.50 लाख रुपये तथा राज्यांश 1 लाख रुपये शामिल है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री गृहप्रवेश सम्मान योजना के अंतर्गत 32,850 रुपये की अतिरिक्त सहायता भी प्रदान की गई। आज श्रीमती भैमी साहू अपने बेटे के साथ अपने स्वयं के सुरक्षित और पक्के मकान में खुशहाल जीवन बिता रही हैं। पक्का घर मिलने से उनके परिवार को केवल आवासीय सुरक्षा ही नहीं मिली, बल्कि जीवन में सामाजिक और आर्थिक बदलाव भी आया है। अब उन्हें झाड़ू-पोछा के काम के बजाय घरों में खाना बनाने का काम मिलने लगा है, जिससे उनकी आमदनी बढ़ी है और सामाजिक सम्मान में भी वृद्धि हुई है। वहीं, उनके बेटे को पढ़ाई के लिए सुरक्षित और शांत वातावरण मिल रहा है।
श्रीमती भैमी साहू अपने अनुभव साझा करते हुए कहती हैं कि बाढ़ में जब उनका कच्चा घर टूट गया था, तब उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि परिवार को लेकर आगे कैसे बढ़ेंगी। ऐसे समय में प्रधानमंत्री आवास योजना उनके परिवार के लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आई। आज उनका अपना पक्का घर है और वे अपने बेटे के बेहतर भविष्य के लिए नए सपने देख पा रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके परिवार को केवल एक घर नहीं दिया, बल्कि सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर दिया है। अब उनका सपना अपने बेटे को अच्छी शिक्षा दिलाकर उसे एक सफल नागरिक बनाना है। उन्होंने इस सहायता के लिए प्रधानमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन एवं नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा के प्रति आभार व्यक्त किया।