छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा

आधार सेवाओं की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने आधार ऑपरेटरों को नवीन दिशा-निर्देशों का प्रशिक्षण

 दंतेवाड़ा । जिले में आधार सेवाओं की गुणवत्ता, शुद्धता एवं सुगमता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर कार्यालय स्थित डंकनी कक्ष, दंतेवाड़ा में आधार सेवा केंद्र, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) एवं बाल आधार पंजीकरण केंद्र (सीईएलसी) में कार्यरत आधार ऑपरेटरों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई), क्षेत्रीय कार्यालय हैदराबाद के सहायक प्रबंधक आशीष कुमार द्वारा प्रदान किया गया।

इस प्रशिक्षण के दौरान आधार से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं एवं नवीन दिशा-निर्देशों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विशेष रूप से नाम में परिवर्तन से संबंधित यूआईडीएआई द्वारा जारी नई मानक संचालन प्रक्रिया के संबंध में ऑपरेटरों को अवगत कराया गया। इसके साथ ही यूआईडीएआई द्वारा जारी विभिन्न अनुबंधों, नियमों एवं संबंधित दिशा-निर्देशों की भी विस्तार से जानकारी दी गई। जन्मतिथि में सुधार से संबंधित प्रकरणों के लिए आवश्यक दस्तावेज, संबंधित अनुबंध एवं निर्धारित प्रक्रिया के बारे में भी ऑपरेटरों को प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण में मामूली से लेकर गंभीर तथा छोटे से बड़े स्तर के सुधार संबंधी प्रकरणों के निराकरण की प्रक्रिया को उदाहरण सहित समझाया गया, ताकि आधार संबंधी आवेदनों का निर्धारित नियमों के अनुरूप सही एवं समयबद्ध तरीके से निराकरण किया जा सके।

इस दौरान आधार ऑपरेटरों द्वारा कार्य के दौरान की जाने वाली विभिन्न त्रुटियों, नियमों के उल्लंघन तथा ऐसी त्रुटियों के लिए निर्धारित दंड एवं अर्थदंड के संबंध में भी जानकारी दी गई। ऑपरेटरों को निर्देशित किया गया कि आधार से संबंधित सभी कार्य यूआईडीएआई के निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी सावधानी और जिम्मेदारी के साथ किए जाएं, जिससे हितग्राहियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुगम आधार सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

इस प्रशिक्षण के दौरान आधार सेवाओं से संबंधित हितग्राहियों की विभिन्न समस्याओं एवं प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। जिले के सभी आधार ऑपरेटरों ने प्रशिक्षण में उपस्थित होकर आधार सेवाओं से संबंधित नवीन नियमों, प्रक्रियाओं एवं दिशा-निर्देशों की जानकारी प्राप्त की। प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आधार सेवाओं के संचालन में कार्य की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करना तथा आधार ऑपरेटरों को यूआईडीएआई के नवीनतम नियमों, प्रक्रियाओं एवं दिशा-निर्देशों से अद्यतन कराना रहा।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image