जिले के युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर, रायपुर में 7 व 8 अक्टूबर को राज्य स्तरीय रोजगार मेला
8 हजार से अधिक निजी क्षेत्र की रिक्तियां, विभिन्न कंपनियां लेंगी साक्षात्कार: इच्छुक आवेदकों के लिए ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य
छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के तत्वाधान में युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 07 एवं 08 अक्टूबर 2026 को दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। रोजगार मेले का आयोजन बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बुढ़ापारा, रायपुर में किया जाएगा। मेले में विभिन्न निजी क्षेत्रों में उपलब्ध लगभग 8,000 से अधिक रिक्तियों के लिए उद्योगों एवं निजी क्षेत्र के नियोजक उपस्थित रहेंगे तथा पात्र आवेदकों का साक्षात्कार लेकर चयन की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
विभिन्न निजी क्षेत्रों में रोजगार के अवसर
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा जिले के इच्छुक युवाओं एवं रोजगार की तलाश कर रहे आवेदकों से राज्य स्तरीय रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। विभिन्न निजी क्षेत्रों में उपलब्ध रिक्तियों की विस्तृत जानकारी विभागीय रोजगार पोर्टल erojgar.cg.gov.in पर उपलब्ध है। रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को अपनी शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
ऑनलाइन पंजीयन जरूरी, रोजगार मेला पूर्णतः निःशुल्क
राज्य स्तरीय रोजगार मेले में शामिल होने के लिए इच्छुक आवेदकों का ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य है। आवेदक विभागीय पोर्टल erojgar.cg.gov.in अथवा गूगल प्ले स्टोर से CG Rojgar Panjiyan App के माध्यम से अपना पंजीयन कर सकते हैं। रोजगार मेले में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। आवेदकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि से पहले ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कर लें।
दस्तावेजों के साथ पहुंचे आवेदक
पंजीकृत आवेदकों को रोजगार मेले में निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेज लेकर उपस्थित होना होगा। आवेदक अपने शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता प्रमाण-पत्र, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र, रोजगार कार्यालय का पंजीयन प्रमाण-पत्र अथवा आधार कार्ड तथा पासपोर्ट साइज फोटो साथ लेकर आएं। दस्तावेजों के आधार पर पात्रता के अनुसार विभिन्न निजी क्षेत्र के नियोजकों के समक्ष साक्षात्कार में शामिल होकर रोजगार के अवसर का लाभ लिया जा सकेगा।
चयनित युवाओं को मिलेगा ऑफर लेटर
राज्य एवं जिला स्तरीय रोजगार मेले में चयनित आवेदकों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के करकमलों से ऑफर लेटर वितरित किया जाना प्रस्तावित है। यह रोजगार मेला प्रदेश के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक आवेदक जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के दूरभाष क्रमांक 07836-232300 पर कार्यालयीन दिवस में संपर्क कर सकते हैं।