छत्तीसगढ़ / सुकमा

सेवा संकल्प अभियान के तहत योजना जत्था कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक से योजनाओं की दी गई जानकारी

 शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत योजना जत्था कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत गोंदपल्ली, विकासखंड सुकमा में किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं, सेवाओं और हितग्राहियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। अभियान का उद्देश्य योजनाओं की पहुंच को जमीनी स्तर तक मजबूत करना और पात्र लोगों को उनके अधिकार एवं लाभ के प्रति जागरूक करना रहा।
   ‘नमो सेवा गाथा’ के जरिए जनजागरूकता का संदेशरू कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक, नृत्य और नाटिका के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए गए। कलाकारों ने सहज और मनोरंजक अंदाज में आमजन एवं विद्यार्थियों को योजनाओं की जानकारी दी, जिससे लोगों ने रुचि के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक सरोकारों और शासन की जनहितकारी गतिविधियों को सरल भाषा में समझाया गया।
   जिला सुकमा में ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम विभिन्न स्थलों पर आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के जरिए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को शासन की योजनाओं और सेवाओं से जोड़ने के साथ पात्र हितग्राहियों को लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। आयोजन के माध्यम से प्रशासन का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और जागरूकता के जरिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।

Leave Your Comment

Click to reload image