हैण्डपम्प की कतार से घर के नल तक पहुंचा पानी, बृंदा महंत के जीवन में आई सहजता
अब पानी भरने के लिए नहीं लगानी पड़ती दूर, जल जीवन मिशन से बृंदा के घर पहुंचा स्वच्छ जल
पानी की तलाश में बीतता था समय, अब नल खोलते ही मिल रहा स्वच्छ जल- श्रीमती बृंदा
हैण्डपम्प पर निर्भरता खत्म, घर में स्वच्छ जल ने आसान किए रोजमर्रा के काम
कोरबा 26 सितम्बर 2026
एक समय था जब घर की जरूरत का पानी जुटाने के लिए सुबह से ही चिंता शुरू हो जाती थी। हाथ में बर्तन लेकर दूर स्थित हैण्डपम्प तक जाना, पानी भरकर वापस लौटना और फिर घरेलू कामकाज संभालना रोज की दिनचर्या का हिस्सा था। बरसात के दिनों में रास्ते की परेशानी और शाम-रात के समय पानी की जरूरत होने पर बाहर जाने की मजबूरी इस मुश्किल को और बढ़ा देती थी। आज वही स्थिति बदल चुकी है। घर के नल से स्वच्छ पानी मिलने लगा है और पानी जुटाने में खर्च होने वाला समय अब परिवार के दूसरे जरूरी कामों में लगाया जा रहा है।
कोरबा विकासखंड के ग्राम पंचायत अजगरबहार निवासी श्रीमती बृंदा महंत के घर जल जीवन मिशन के तहत टेपनल के माध्यम से स्वच्छ जल पहुंचने से उनकी दिनचर्या में यह बदलाव आया है। पहले घरेलू उपयोग के लिए पानी लाने उन्हें घर से दूर हैण्डपम्प तक जाना पड़ता था। इसमें शारीरिक मेहनत के साथ काफी समय भी लगता था। पानी की जरूरत अचानक पड़ने पर भी यही परेशानी उठानी पड़ती थी।
लाभार्थी श्रीमती वृंदा बताती है पहले घर का पानी लाने के लिए हैण्डपम्प तक जाना पड़ता था। एक-दो बार नहीं, रोज कई बार पानी की जरूरत पड़ती थी। इससे काफी समय निकल जाता था और मेहनत भी लगती थी। बरसात के दिनों में बाहर जाकर पानी लाना और भी कठिन हो जाता था। शाम या रात में पानी की जरूरत पड़ जाए तो बाहर जाने में परेशानी होती थी। वह कहती है पहले जो पानी मिलता था, उसकी स्वच्छता को लेकर भी चिंता रहती थी। दूषित पानी के कारण तरह-तरह की जलजनित बीमारियों का डर बना रहता था। परिवार के स्वास्थ्य को लेकर मन में हमेशा आशंका रहती थी कि कहीं गंदे पानी के कारण कोई बीमारी न हो जाए।
अब घर में ही टेपनल के जरिए साफ और स्वच्छ पानी मिल रहा है। पानी भरने के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं रहती। घर पर ही पानी उपलब्ध होने से रोजमर्रा के काम काफी आसानी से हो जाते हैं। खाना बनाने से लेकर पीने और निस्तारी तक के लिए पानी की सुविधा मिल गई है। पहले पानी लाने में जो समय लगता था, वह अब बच जाता है।
घर में स्वच्छ जल आने से स्वास्थ्य को लेकर भी काफी संतोष है। अब दूषित पानी के इस्तेमाल से होने वाली परेशानियों से राहत मिली है। सबसे अच्छी बात यह है कि पानी के लिए मौसम या समय देखकर बाहर जाने की मजबूरी नहीं रही। जरूरत के समय घर में ही पानी उपलब्ध हो जाता है।
हितग्राही ने जल जीवन मिशन हमारे जैसे परिवारों के लिए बहुत उपयोगी योजना है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने हर घर तक नल से जल पहुंचाने की जो पहल की है, उसका लाभ हमें भी मिला है। इसके लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को हृदय से धन्यवाद। घर तक स्वच्छ पानी पहुंचने से रोज की जिंदगी में जो सुविधा मिली है, उसका अनुभव अब हर दिन हो रहा है।