छत्तीसगढ़ / मोहला मानपुर चौकी

सेवा संकल्प अभियान : मेहनत की छांव में पल रहे सपनों को मिली नई उड़ान, मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना बनी विवेक की उम्मीद

 मोहला  सितंबर 2026

जिले के मानपुर विकासखंड के छोटे से गांव कुम्हारी में रहने वाली निर्माण श्रमिक श्रीमती केशर कोमा का जीवन संघर्ष और मेहनत की मिसाल है। ईंट-पत्थरों के बीच दिनभर मेहनत कर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाली केशर कोमा के मन में हमेशा से एक सपना रहा कि उनका बेटा विवेक पढ़-लिखकर अपने जीवन में आगे बढ़े और सम्मानजनक भविष्य बनाए।

           सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने बेटे की पढ़ाई को कभी रुकने नहीं दिया। ऐसे समय में शासन की मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना उनके परिवार के लिए उम्मीद की एक नई किरण बनकर सामने आई। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से श्रमिक परिवारों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ पहुंचाने के प्रयासों के तहत विवेक को इस योजना का लाभ मिला। छात्रवृत्ति की सहायता से उसकी पढ़ाई को आर्थिक संबल मिला और शिक्षा के सपनों को आगे बढ़ाने का रास्ता और आसान हुआ।    

           मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत पात्र निर्माण श्रमिकों के बच्चों को कक्षा 1 से स्नातकोत्तर, पीएचडी एवं शोध कार्य तक की शिक्षा के लिए 1,000 से 10,000 रुपए तक की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। योजना की विशेषता यह है कि छात्रवृत्ति के लिए अंकों की बाध्यता नहीं रखी गई है, बल्कि श्रमिक अभिभावक द्वारा पिछले एक वर्ष में कम से कम 90 दिन निर्माण कार्य किया जाना पात्रता की प्रमुख शर्तों में शामिल है। विवेक की कहानी यह बताती है कि शासन की संवेदनशील योजनाएं जब जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचती हैं, तो आर्थिक कठिनाइयों के बीच भी शिक्षा के सपनों को मजबूती मिलती है।

         सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की मंशा के अनुरूप श्रमिक परिवारों के बच्चों को शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना, उनके भविष्य को संवारना और उन्हें आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ाना जनहित एवं सुशासन की दिशा में एक सार्थक पहल है।

Leave Your Comment

Click to reload image