छत्तीसगढ़ / मनेन्द्रगढ़ – चिरिमिरी – भरतपुर

सेवा संकल्प अभियान: कंटूर ट्रेंच से जल संरक्षण को मिलेगी नई मजबूती, कलेक्टर ने दिए सुरक्षा के साथ गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश

 जल संरक्षण के साथ श्रमिकों की सुरक्षा पर भी जोर, कीड़े-मकोड़ों से बचाव के लिए सुरक्षा किट रखने के निर्देश

एमसीबी 26 सितंबर 2026

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का सतत निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत कराए जा रहे कंटूर ट्रेंच निर्माण कार्य का कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और कार्यस्थल पर श्रमिकों के लिए उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कंटूर ट्रेंच निर्माण कार्य का उद्देश्य वर्षा जल को बहकर बाहर जाने से रोकना तथा उसे भूमि में अधिक से अधिक समाहित कराना है। इससे मिट्टी में नमी का संरक्षण होता है और भू-जल स्तर के पुनर्भरण में मदद मिलती है। विशेषकर वनांचल एवं ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के जल संरक्षण कार्य खेती-किसानी, वनस्पतियों और स्थानीय जल स्रोतों के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जल संरक्षण को जनभागीदारी एवं सतत विकास से जोड़ते हुए ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कंटूर ट्रेंच का निर्माण निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्वक कराया जाए। उन्होंने कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा निर्माण के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण से जुड़े कार्यों का लाभ लंबे समय तक ग्रामीण क्षेत्रों को मिल सके, इसके लिए निर्माण की गुणवत्ता और उपयोगिता दोनों पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है।

श्रमिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता
कलेक्टर ने कार्यस्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि कंटूर ट्रेंच निर्माण के दौरान कीड़े-मकोड़ों एवं अन्य जीव-जंतुओं से बचाव के लिए आवश्यक सुरक्षा किट उपलब्ध रखी जाए, ताकि श्रमिक सुरक्षित वातावरण में कार्य कर सकें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने और श्रमिकों को आवश्यक सावधानियों के संबंध में जानकारी देने के निर्देश भी दिए।

जल संरक्षण के साथ रोजगार का माध्यम
कंटूर ट्रेंच जैसे कार्य ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराते हैं। वर्षा जल के संरक्षण से भूमि में नमी बनी रहने, जलस्रोतों के पुनर्भरण और भविष्य में कृषि गतिविधियों को बेहतर बनाने में सहायता मिल सकती है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से ऐसे कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि ग्रामीण विकास के साथ प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी सुनिश्चित हो सके।

अधिकारियों ने लिया कार्यों का जायजा
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार, एसडीएम भरतपुर शशि शेखर मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर स्वप्निल वर्मा, डिप्टी कलेक्टर नेहा खलखो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी कलेक्टर को दी। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप विकास कार्यों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित तरीके से पूर्ण कराया जाए, ताकि इनका वास्तविक लाभ ग्रामीणों एवं क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा को मिल सके।

Leave Your Comment

Click to reload image