छत्तीसगढ़ / राजनांदगांव

आंगन मिलन सेवा कार्यक्रमों से योजनाओं की जानकारी के साथ स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता

  परियोजना, क्लस्टर एवं आंगनबाड़ी केन्द्र स्तर पर हो रहे विविध आयोजन

 

राजनांदगांव। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में परियोजना, क्लस्टर एवं आंगनबाड़ी केन्द्र स्तर पर आंगन मिलन सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं, बच्चों एवं परिवारों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोडऩे के साथ-साथ स्वास्थ्य, पोषण एवं महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रमों में विभागीय योजनाओं की जानकारी के साथ सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने वाली विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

आंगन मिलन सेवा कार्यक्रमों में खेलकूद, मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं के साथ गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की गोद भराई तथा नन्हे शिशुओं का अन्नप्राशन कराया जा रहा है। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हितग्राहियों का सम्मान कर उन्हें प्रोत्साहित किया जा रहा है। जनसहयोग से न्योता भोज का आयोजन कर सामुदायिक सहभागिता की भावना को मजबूत किया जा रहा है। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों का सम्मान कर उनके महत्वपूर्ण योगदान को प्रोत्साहित किया जा रहा है।                                                       स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविरों में महिलाओं एवं बच्चों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। साथ ही पोषण जागरूकता के अंतर्गत संतुलित एवं आदर्श पोषण आहार, नियमित स्वास्थ्य देखभाल तथा बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में पोषण की भूमिका के संबंध में जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रमों में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित महतारी वंदन योजना, बाल संदर्भ योजना, सक्षम स्वावलंबन, सुकन्या समृद्धि योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र श्रमिकों एवं उनके परिवारों को योजनाओं के लाभ, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया से अवगत कराया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद परिवार शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें।

 

 
 
 

Leave Your Comment

Click to reload image