सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा सेतु’ बनेगा नागरिकों की राशन संबंधी समस्याओं के समाधान का माध्यम
28, 29 एवं 30 सितंबर को विकासखण्डों में लगेंगे सेवा सेतु शिविर
ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, नवीन राशन कार्ड सहित राशन कार्ड से जुड़ी समस्याओं का होगा समाधान
सेवा संकल्प अभियान के तहत *‘सेवा सेतु’* के माध्यम से शासन की योजनाओं और सुविधाओं को सीधे नागरिकों तक पहुंचाने की पहल की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर के निर्देशन में जिले के सभी विकासखण्डों में खाद्य विभाग द्वारा *28, 29 एवं 30 सितंबर 2026* को सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
इन शिविरों के माध्यम से राशन कार्ड से संबंधित विभिन्न समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा। ऐसे हितग्राही जिनके राशन कार्ड में अब तक *ई-केवाईसी, आधार सीडिंग या मोबाइल सीडिंग* नहीं हुआ है, वे शिविर में पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करा सकेंगे।
इसके साथ ही *नवीन राशन कार्ड बनवाने, परिवार के सदस्य का नाम जोड़ने, नाम काटने, शिफ्टिंग* सहित राशन कार्ड से जुड़े अन्य कार्यों के लिए भी नागरिकों को सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
शिविर में हितग्राहियों को *स्मार्ट पीडीएस में आवेदन करने की प्रक्रिया*, *वन नेशन वन राशन कार्ड* तथा *प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना* के संबंध में भी जानकारी दी जाएगी।
सेवा सेतु शिविरों के सुचारू संचालन के लिए प्रत्येक विकासखण्ड में सहायक खाद्य अधिकारी एवं खाद्य निरीक्षकों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा सेतु’ का उद्देश्य नागरिकों और शासन के बीच सेवा की मजबूत कड़ी बनाते हुए योजनाओं का लाभ सरल, सहज और समयबद्ध तरीके से आमजन तक पहुंचाना है।
जिला प्रशासन ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने नजदीकी *सेवा सेतु शिविर* में पहुंचकर राशन कार्ड से संबंधित कार्यों का निराकरण कराएं और शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं।