छत्तीसगढ़ / बेमेतरा

सेवा संकल्प अभियान : जिले के सभी विकासखंडों में लग रहे सेवा सेतु शिविर

 बेमेतरा । सेवा संकल्प अभियान के तहत बेमेतरा जिले के विभिन्न विकासखंडों में खाद्य विभाग द्वारा सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों का उद्देश्य सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े प्रत्येक पात्र हितग्राही तक शासन की खाद्य संबंधी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा राशन कार्ड से संबंधित लंबित कार्यों का त्वरित निराकरण करना है।

खाद्य विभाग द्वारा विकासखंड स्तर पर आयोजित इन शिविरों में ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, राशन कार्ड में आवश्यक संशोधन सहित सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। विभाग द्वारा विशेष रूप से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र परिवार शासकीय खाद्यान्न एवं योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

शिविर में ही मिल रही आवश्यक सेवाएं

सेवा सेतु शिविर में पहुंचने वाले हितग्राहियों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए संबंधित विभागीय अमले द्वारा आवश्यक प्रक्रियाएं शिविर स्थल पर ही पूरी की जा रही हैं। हितग्राहियों की समस्याएं सुनकर उनका यथासंभव मौके पर निराकरण किया जा रहा है तथा आवश्यक प्रकरणों को नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए लिया जा रहा है।

घर-घर जानकारी, पात्र हितग्राहियों को शिविर तक लाने पर जोर

जिले में यह प्रयास किया जा रहा है कि सेवा सेतु शिविरों की जानकारी अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचे। मैदानी अमले के माध्यम से लोगों को शिविर की तिथि एवं उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी जा रही है, ताकि ई-केवाईसी, आधार सीडिंग अथवा राशन कार्ड संबंधी कार्य लंबित रखने वाला कोई भी पात्र हितग्राही शिविर से वंचित न रहे।

 

 

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में आयोजित सेवा सेतु शिविर में पहुंचकर राशन कार्ड एवं खाद्य संबंधी लंबित कार्यों का निराकरण कराएं और शासन की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करें।

Leave Your Comment

Click to reload image