सेवा संकल्प अभियान : मर्दापाल में सेवा सेतु अभियान अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर
ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ ; वन मंत्री श्री केदार कश्यप हुए शामिल
कोण्डागांव, 03 अक्टूबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार को मर्दापाल में सेवा सेतु अभियान के तहत जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वन मंत्री श्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम, उपाध्यक्ष श्री टोमेंद्र ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रामदई नाग, जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत यह शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को शासन की मंशानुरूप योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन एवं सहकारी समितियों से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि के लिए प्रयास किए जाएं। साथ ही ग्रामीणों को अपने घरों में फलदार पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ उनकी आय में भी वृद्धि हो सके।
जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री टोमेंद्र ठाकुर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है।
शिविर में राजस्व विभाग द्वारा 09 हितग्राहियों को बी-वन, खसरा एवं स्वामित्व संबंधी दस्तावेज, शिक्षा विभाग द्वारा 12 जाति प्रमाण पत्र, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 08 महिलाओं की गोद भराई, मत्स्य विभाग द्वारा 03 हितग्राहियों को जाल वितरण, श्रम विभाग द्वारा 02 हितग्राहियों को मिनीमाता जतन योजना का लाभ, समाज कल्याण विभाग द्वारा 04 हितग्राहियों को सहायक उपकरण तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा 07 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। उद्यानिकी एवं वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को फलदार एवं अन्य प्रजातियों के पौधों का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर श्री प्रेम सिंह नाग, सरपंच श्रीमती जयमती कश्यप सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, डिप्टी कलेक्टर श्री किशोर शर्मा, तहसीलदार श्री विजय सिंह, जनपद पंचायत सीईओ श्री उत्तम महोबिया, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।