छत्तीसगढ़ / कांकेर

सेवा संकल्प अभियान के तहत कोयलीबेड़ा में जिला स्तरीय सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर

 नक्सल गतिविधियों के लंबे दौर के बाद पहली बार इतने बड़े स्तर पर शिविर, 1040 लोगों ने कराया ओपीडी पंजीयन; पहली बार मिली सोनोग्राफी की सुविधा

उत्तर बस्तर कांकेर, 03 अक्टूबर 2026

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज कोयलीबेड़ा विकासखंड मुख्यालय में जिला स्तरीय सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। नक्सल गतिविधियों के लंबे दौर के बाद क्षेत्र में पहली बार जिला स्तर पर इतने व्यापक स्तर पर आयोजित इस शिविर में कोयलीबेड़ा सहित आसपास की ग्राम पंचायतों एवं सुदूर क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। शिविर में 1040 लोगों ने ओपीडी पंजीयन कराया तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श, जांच एवं उपचार का लाभ लिया।शिविर में विभिन्न मांग एवं समस्याओं से सम्बंधित 240 आवेदन प्राप्त हुए।

शिविर की विशेष उपलब्धि रही कि कोयलीबेड़ा क्षेत्र में पहली बार स्वास्थ्य शिविर में सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध कराई गई। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार की पहल से उपलब्ध कराई गई इस सुविधा से क्षेत्र की महिलाओं एवं अन्य मरीजों को आवश्यक जांच के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाने की परेशानी से राहत मिली। शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञ, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ एवं एमडी मेडिसिन सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच एवं उपचार किया।

*1040 लोगों ने कराया ओपीडी पंजीयन, 41 लोगों की हुई सोनोग्राफी*

मेगा स्वास्थ्य शिविर में 1040 लोगों का ओपीडी पंजीयन किया गया। इनमें 120 लोगों का एक्स-रे, 41 लोगों की सोनोग्राफी और 225 लोगों की रक्त जांच की गई। वहीं 135 हितग्राहियों को जांच के बाद निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए तथा 55 लोगों के दिव्यांग प्रमाण पत्र संबंधी जांच एवं प्रक्रिया की गई। शिविर में 28 आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा 8 लोगों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। जनभागीदारी के तहत 34 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया जिसमे 18 बीएसफ के जवान भी शामिल हैं।

*दूरस्थ ग्रामीणों को एक ही स्थान पर मिल रहीं स्वास्थ्य एवं शासकीय सेवाएं*

सेवा सेतु शिविर को संबोधित करते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत कोयलीबेड़ा में आयोजित यह चौथा सेवा सेतु शिविर है। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे हैं, जिनमें सुदूर क्षेत्रों से आए ग्रामीण भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस शिविर में पहली बार सोनोग्राफी मशीन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। दूरस्थ क्षेत्र के ग्रामीण यहां पहुंचकर स्वास्थ्य शिविर का लाभ ले रहे हैं। मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है तथा उन्हें निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। एक्स-रे सहित अन्य आवश्यक जांच सुविधाओं का भी ग्रामीणों को लाभ मिल रहा है।

*40 वर्षों से नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्र में अब विकास और सुविधाओं की पहुंच*

शिविर में सांसद श्री भोजराज नाग ने कहा कि कोयलीबेड़ा क्षेत्र पिछले करीब 40 वर्षों से नक्सलवाद से प्रभावित रहा है। एक समय ऐसा था जब जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का इस क्षेत्र में पहुंचना चुनौतीपूर्ण था। आज शासन के प्रयासों से क्षेत्र में शांति और विकास का वातावरण बन रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सुशासन में क्षेत्र में अब ग्रामीण शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और विकास से जुड़ी सुविधाओं की मांग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शिविर के माध्यम से विभिन्न विभाग ग्रामीणों के बीच पहुंचकर अपनी-अपनी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दे रहे हैं। विभागीय अधिकारी शिविर में काउंटर लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे हैं और उनके निराकरण की दिशा में कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास बन रहे हैं, आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र लोगों को उपचार की सुविधा मिल रही है तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से सड़क एवं कनेक्टिविटी का विस्तार हो रहा है। पूर्व में नक्सल गतिविधियों के कारण सड़क निर्माण सहित विकास कार्यों में अनेक कठिनाइयां आती थीं।


जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी ने कहा कि शिविर में ऐसे मरीजों की पहचान की जाए, जिन्हें गंभीर बीमारी है, ऑपरेशन की आवश्यकता है अथवा जो किसी जटिल बीमारी से ग्रस्त हैं। ऐसे मरीजों को चिन्हांकित कर उनका समुचित उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि केवल दस्तावेजों की कमी के कारण किसी भी प्रकरण को अमान्य न किया जाए, बल्कि आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति कराकर संबंधित प्रकरण का नियमानुसार निराकरण किया जाए, ताकि पात्र हितग्राही शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित न हों।

उन्होंने बताया कि कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार कोयलीबेड़ा विकासखंड की 18 ग्राम पंचायतों का अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया है। इस दौरान ग्राम पंचायतों की मूलभूत आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी ली गई है तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वीबी जी राम जी योजना के तहत ग्राम पंचायतों में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप स्कूलों के लिए अतिरिक्त कक्ष निर्माण, आंगनबाड़ी भवन, ग्राम पंचायत भवन, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, स्कूलों की बाउंड्रीवाल सहित विभिन्न विकास कार्य लिए जाएंगे।

*18 ग्राम पंचायतों के लिए 2.01 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत*

सेवा सेतु शिविर के दौरान ही कोयलीबेड़ा विकासखंड की 18 ग्राम पंचायतों के लिए VB-GRAM-G योजना के अंतर्गत कुल 2 करोड़ 1 लाख 43 हजार रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की स्वीकृति दी गई। इनमें 8 मुक्तिधाम निर्माण के लिए 24 लाख रुपये, 15 बालिका शौचालय निर्माण के लिए 63 लाख 75 हजार रुपये, 37 डबरी निर्माण के लिए 1 करोड़ 12 लाख रुपये तथा 4 सैंड फिल्टर निर्माण के लिए 1 लाख 58 हजार रुपये के कार्य शामिल हैं।

इन कार्यों के माध्यम से ग्राम पंचायतों में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं और अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ ग्रामीणों की स्थानीय जरूरतों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

*634 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ*

सेवा सेतु शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा 634 हितग्राहियों को योजनाओं एवं सेवाओं से लाभान्वित किया गया। राजस्व विभाग द्वारा 100 खसरा बी-1 प्रतियां, 43 जाति प्रमाण पत्र, 46 निवास प्रमाण पत्र तथा अधिकार अभिलेख स्वामित्व योजना के तहत 250 हितग्राहियों को लाभ दिया गया।

खाद्य विभाग द्वारा 25 हितग्राहियों को राशन कार्ड उपलब्ध कराया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा 30 छड़ी, 4 व्हीलचेयर एवं 15 श्रवण यंत्र वितरित किए गए। लखपति दीदी योजना के तहत 22 हितग्राहियों को लाभ मिला तथा संबंधित योजना के अंतर्गत 18 हितग्राहियों को कार्यादेश प्रदान किए गए।

इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 5 हितग्राहियों को लाभ, किसान किताब के 6 प्रकरण, कृषि विभाग द्वारा 9 हितग्राहियों को कृषि बीज, पशुधन विभाग द्वारा 11 उन्नत नर बकरों, स्वास्थ्य विभाग द्वारा 40 आयुष्मान भारत कार्ड, उद्यानिकी विभाग द्वारा 7 हितग्राहियों को फलदार पौधे, मत्स्य विभाग द्वारा 2 हितग्राहियों को लाभ तथा 1 हितग्राही को मृत्यु प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

*ग्रामीणों ने साझा किए अपने अनुभव*

ग्राम पुलुंजसल्हेभाट निवासी श्रीमती शांति दर्रो अपने 4 वर्षीय बच्चे राकेश का आधार कार्ड बनवाने शिविर में पहुंचीं। उन्होंने बताया कि सेवा सेतु सह मेगा शिविर की जानकारी मिलने पर वे अपने बच्चे के साथ यहां आईं और मौके पर ही आधार पंजीयन की प्रक्रिया पूरी हो गई। उन्होंने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

ग्राम सुलांगी निवासी श्रीमती मेघरे पोटाई ने बताया कि पिछली चार गर्भावस्थाओं के दौरान सोनोग्राफी के लिए उन्हें कोयलीबेड़ा से बाहर जाना पड़ा था। इस बार शिविर में ही सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध होने से उन्हें काफी राहत मिली। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में ही यह सुविधा मिलने से महिलाओं को बड़ी सुविधा हुई है।

इसी तरह कोयलीबेड़ा निवासी श्रीमती हस्तिना नाग ने बताया कि उन्हें सोनोग्राफी के लिए कांकेर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी और शिविर में ही उनकी जांच हो गई।

संबलपुर निवासी श्री राजेन्द्र पिछले कुछ समय से सीने में दर्द की समस्या से परेशान थे। वे शिविर में पहुंचे, जहां विशेषज्ञ चिकित्सक ने उनकी जांच कर निःशुल्क परामर्श एवं उपचार प्रदान किया।

वहीं श्रीमती सुरजिला उसेंडी ने शिविर में अपनी आंखों की जांच कराई। जांच के बाद उन्हें निःशुल्क चश्मा भी उपलब्ध कराया गया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में एक ही स्थान पर आंखों की जांच और चश्मा मिलने की सुविधा को उपयोगी बताया।

*स्वास्थ्य से लेकर दस्तावेज और योजनाओं तक सुविधाएं एक ही परिसर में*

कोयलीबेड़ा में आयोजित सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों को विशेषज्ञ चिकित्सा, सोनोग्राफी, एक्स-रे, रक्त जांच, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श, नेत्र जांच एवं निःशुल्क चश्मा, दिव्यांग प्रमाण पत्र तथा आयुष्मान कार्ड जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। साथ ही राजस्व, खाद्य, कृषि, पशुधन, उद्यानिकी, समाज कल्याण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों ने अपने काउंटर लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिया।

नक्सल गतिविधियों से लंबे समय तक प्रभावित रहे कोयलीबेड़ा क्षेत्र में आयोजित यह शिविर शासन की सेवाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने, समस्याओं के मौके पर निराकरण तथा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।

सेवा सेतु सह मेगा स्वास्थ्य शिविर में जनपद पंचायत कोयलीबेड़ा की अध्यक्ष श्रीमती श्यामबती मंडावी, उपाध्यक्ष श्रीमती मंजू सरदार, सरपंच संघ की अध्यक्ष श्रीमती हेमा हुपेन्डी, सहित जनप्रतिनिधि गण अपर कलेक्टर अंतागढ़ श्री जी.डी. वाहिले, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, तहसीलदार, जनपद पंचायत कोयलीबेड़ा एवं पखांजूर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image