विशेष ग्राम सभा में योजनाओं और विकास कार्यों पर हुई चर्चा
स्वच्छता, आवास निर्माण और पीएम सूर्य घर योजना के लाभ के लिए किया गया प्रेरित
एग्रीस्टैक एवं बकेट क्लेम पंजीयन का हुआ वाचन
सूरजपुर/03 अक्टूबर 2026
गांधी जयंती के अवसर पर 02 अक्टूबर को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभाओं में निर्धारित एजेंडा एवं निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा पंचायत स्तर के महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देकर पात्रतानुसार लाभ लेने और ग्राम विकास में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।
आयोजित ग्राम सभाओं में हल्का पटवारियों द्वारा एग्रीस्टैक एवं बकेट क्लेम पंजीयन का वाचन किया गया। इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों को पंजीयन संबंधी जानकारी से अवगत कराया गया।
खरसुरा में वीजीपीपी की दी गई विस्तृत जानकारी
ग्राम पंचायत खरसुरा में आयोजित ग्राम सभा में रायपुर से आए उपायुक्त श्री नितेश उपाध्याय सम्मिलित हुए। उन्होंने ग्रामीणों को वीजीपीपी के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। ग्राम सभा में पंचायत स्तर पर विकास से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई।
सरई पारा और पस्ता में स्वच्छता एवं आवास निर्माण पर जोर
जनपद पंचायत रामानुजनगर अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में भी ग्राम सभाएं आयोजित की गईं। जनपद पंचायत सीईओ श्री आर.एस. सेंगर ने ग्राम पंचायत सरई पारा एवं पस्ता की ग्राम सभाओं में उपस्थित होकर ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने विशेष रूप से साफ-सफाई बनाए रखने, आवास निर्माण तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सौर संयंत्र स्थापित करने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया।
गौरतलब है कि जिले में आयोजित सभी विशेष ग्राम सभा में शासन की योजनाओं एवं पंचायत के विकास कार्यों पर चर्चा के साथ ग्रामीणों की भागीदारी को प्रोत्साहित किया गया। साथ ही योजनाओं की जानकारी ग्राम स्तर तक पहुंचाने तथा स्थानीय विकास के विषयों पर सामूहिक विचार-विमर्श किया गया।