छत्तीसगढ़ / सूरजपुर

कैमरे में कैद करें प्रकृति का संसार

 वन्यजीव सप्ताह पर हुनर दिखाने का अवसर, श्रेष्ठ फोटो और रील को मिलेगा प्रोत्साहन

सभी आयु वर्ग के लिए निःशुल्क प्रवेश, 06 अक्टूबर तक भेजें प्रविष्टियां
 
सूरजपुर/03 अक्टूबर 2026

प्रकृति की खूबसूरती और वन्यजीवों की अनूठी दुनिया को अपनी रचनात्मकता के माध्यम से सामने लाने का अवसर सूरजपुर वन मंडल के द्वारा दिया जा रहा है। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के अंतर्गत वनमण्डल द्वारा वन्यजीव सप्ताह के अवसर पर फोटोग्राफी एवं वीडियो रील प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। 02 से 08 अक्टूबर तक मनाए जा रहे वन्यजीव सप्ताह की इस वर्ष की थीम पर्यावासों को जोड़ना, वन्यजीवों का फलना-फूलना है।
                प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रकृति एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा इसमें जनसामान्य की भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। सूरजपुर जिले के सभी आयु वर्ग के नागरिक प्रतियोगिता में निःशुल्क भाग ले सकते हैं। प्रतिभागी प्रकृति एवं वन्यजीव विषय पर स्वयं खींची गई मौलिक फोटो अथवा स्वयं तैयार की गई अधिकतम दो मिनट की वीडियो रील भेज सकते हैं।

रचनात्मकता को मिलेगा सम्मान
फोटोग्राफी एवं वीडियो रील दोनों प्रतियोगिताओं में अलग-अलग प्रथम पुरस्कार 2,100 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 1,500 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 1,100 रुपये प्रदान किए जाएंगे। केवल प्रतिभागियों द्वारा स्वयं तैयार की गई मौलिक प्रविष्टियां ही मान्य होंगी।

06 अक्टूबर की रात्रि तक ऑनलाइन भेजें प्रविष्टियां
इच्छुक प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियां 06 अक्टूबर 2026 की रात्रि 11ः59 बजे तक गूगल फॉर्म ⁠https:\\forms.gle\KsFG3TQ4c1M3QACm6  के माध्यम से जमा कर सकते हैं।
                सूरजपुर वन मंडल ने जिले के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है। साथ ही नागरिकों को अपनी रचनात्मकता के माध्यम से प्रकृति एवं वन्यजीव संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया है।

Leave Your Comment

Click to reload image