वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह के तहत केल्हारी परिक्षेत्र में निकली जन-जागरूकता बाइक रैली
गांव-गांव पहुंचा वन एवं वन्यजीव संरक्षण का संदेश, हाथियों से सामना होने पर बरती जाने वाली सावधानियों की दी जानकारी
एमसीबी/06 अक्टूबर 2026
वनमण्डल मनेंद्रगढ़ अंतर्गत वन परिक्षेत्र केल्हारी में वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के अवसर पर रविवार को जन-जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को वन्य प्राणियों के संरक्षण, मानव-वन्य प्राणी सह-अस्तित्व तथा वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही हाथियों की मौजूदगी के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों और क्या करें-क्या न करें के संबंध में भी जानकारी दी गई। जन-जागरूकता कार्यक्रम वनमण्डलाधिकारी एवं उप वनमण्डलाधिकारी के मार्गदर्शन तथा वन परिक्षेत्राधिकारी केल्हारी के निर्देशन में आयोजित किया गया। बाइक रैली में वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों एवं चौकीदारों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न गांवों में पहुंचकर वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया।
कछौड़ से तिलोखन तक निकली बाइक रैली
वन्यप्राणी संरक्षण जागरूकता बाइक रैली ग्राम कछौड़ से प्रारंभ हुई। रैली पहाड़ हंसवाही, मांझीडांड, रोझी, दुगला, केल्हारी, चरवाही, डोंडकी, ढाबा, बहेराटोला और नवाटोला सहित विभिन्न गांवों से होते हुए तिलोखन पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। इस दौरान वन अमले ने ग्रामीणों से संवाद कर वन्यप्राणियों और उनके प्राकृतिक रहवास के संरक्षण में आम नागरिकों की सहभागिता के महत्व को समझाया। वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को बताया गया कि वन एवं वन्यजीव प्रकृति और पर्यावरण के संतुलन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। वन्यप्राणियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने के साथ उनके प्राकृतिक रहवास को सुरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। विशेष रूप से वन क्षेत्रों के आसपास रहने वाले लोगों से वन्यजीवों के दिखाई देने पर सतर्कता बरतने और किसी भी प्रकार से उन्हें परेशान नहीं करने की अपील की गई।
हाथियों को न छेड़ें, सुरक्षित दूरी बनाए रखें
रैली के दौरान हाथियों की मौजूदगी की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों पर विशेष रूप से जागरूक किया गया। ग्रामीणों को समझाया गया कि हाथी दिखाई देने पर उन्हें छेड़ने, उनके नजदीक जाने अथवा पटाखे फोड़कर भगाने का प्रयास नहीं करना चाहिए। किसी भी प्रकार से हाथियों को परेशान करने पर वे आक्रामक हो सकते हैं, जिससे जनहानि एवं संपत्ति को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ सकता है।
वन अमले ने लोगों से हाथियों की गतिविधियों की जानकारी मिलने पर सतर्क रहें, सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा वन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। साथ ही वन्य प्राणियों के विचरण की सूचना मिलने पर जिम्मेदारी और संयम के साथ व्यवहार करने का संदेश दिया गया।
विद्यार्थियों को भी किया जाएगा जागरूक
वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह के तहत जन-जागरूकता गतिविधियां आगे भी जारी रहेंगी। इसी क्रम में केल्हारी के महाविद्यालय एवं स्वामी आत्मानंद विद्यालय में छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण संतुलन, मानव-वन्यप्राणी सह-अस्तित्व और वन संपदा की सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया जाएगा। वन विभाग की इस पहल का उद्देश्य वन्यजीव संरक्षण को केवल विभागीय दायित्व तक सीमित न रखते हुए इसमें जनभागीदारी बढ़ाना और ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को प्रकृति तथा वन्यप्राणियों की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार एवं संवेदनशील बनाना है।