अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई, 7 टीपर जब्त
लुचकी घाट में मुरूम उत्खनन के पुराने मामले में 42.68 लाख का अर्थदण्ड
अम्बिकापुर 06 अक्टूबर 2026
सरगुजा जिले में अवैध रेत एवं मुरूम उत्खनन, परिवहन और भण्डारण के खिलाफ खनिज विभाग की कार्रवाई जारी है। खनिज अमले ने जांच के दौरान अवैध रेत परिवहन करते पाए गए कुल 7 टीपर वाहनों को जब्त किया है। वहीं लुचकी घाट में अवैध मिट्टी एवं मुरूम उत्खनन के पूर्व प्रकरण में 42 लाख 68 हजार 160 रुपये का अर्थदण्ड आरोपित किया गया है।
04 एवं 05 अक्टूबर को समाचार माध्यमों में रेड नदी से अवैध रेत उत्खनन और लुचकी घाट में मुरूम उत्खनन को लेकर प्रकाशित खबरों के बाद खनिज अमले ने संबंधित क्षेत्रों की जांच की। उदयपुर क्षेत्र स्थित रेड नदी में जांच के दौरान मौके पर अवैध उत्खनन नहीं पाया गया। हालांकि रास्ते में रेत का अवैध परिवहन करते मिले 2 टीपर वाहनों को जब्त कर थाना लखनपुर की अभिरक्षा में सौंपा गया। अन्य 5 टीपर वाहनों को भी अवैध रेत परिवहन में जब्त कर कलेक्टर कार्यालय परिसर अम्बिकापुर में रखा गया है।
लुचकी घाट में पूर्व में अवैध मिट्टी एवं मुरूम उत्खनन के मामले में एक जेसीबी, 2 हाईवा और एक एक्सकेवेटर मशीन जब्त कर पुलिस लाइन अम्बिकापुर की अभिरक्षा में सौंपी गई थी। इस प्रकरण में अवैध उत्खननकर्ता फैजुल फिरदौसी, निवासी नवागढ़ अम्बिकापुर के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत 42 लाख 68 हजार 160 रुपये का अर्थदण्ड आरोपित किया गया है। मामला वर्तमान में उच्च न्यायालय बिलासपुर में विचाराधीन है।
लुचकी घाट में ही पूर्व की एक अन्य कार्रवाई में अवैध मुरूम उत्खनन करते पाए जाने पर 2 जेसीबी और एक ट्रैक्टर जब्त किया गया था। प्रकरण में 85 हजार 488 रुपये खनिज मद में जमा कराए गए हैं। वहीं उदयपुर एवं लखनपुर क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के मामलों में 5 वाहन जब्त कर 1 लाख 472 रुपये अर्थदण्ड जमा कराया गया है।
खनिज विभाग ने बताया कि जिले में गौण खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।