जगदलपुर में संभाग स्तरीय दिव्यांग शिविर का आयोजन
बस्तर जिले के 1200 से अधिक दिव्यांगजन हुए शामिल
सहायक उपकरणों का हुआ वितरण
जगदलपुर, 06 अक्टूबर 2026
दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन में संबल प्रदान करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बस्तर में आज एक दिवसीय संभाग स्तरीय दिव्यांग शिविर का सफल आयोजन किया गया। भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति (जयपुर) एवं एनएसई फाउंडेशन द्वारा प्रायोजित तथा जिला पंचायत बस्तर एवं समाज कल्याण विभाग के विशेष सहयोग से आयोजित इस शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप, चित्रकोट विधायक श्री विनायक गोयल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप सहित अन्य प्रमुख जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सोमवार को शिविर में बस्तर जिले से कुल 1246 दिव्यांगजन शामिल हुए, जिन्हें उनकी आवश्यकताओं के आधार पर मौके पर ही सहायता और सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। शिविर के दौरान 260 लोगों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए गए, जबकि शारीरिक रूप से अक्षम 98 हितग्राहियों को व्हीलचेयर, 71 को ट्राईसाइकिल, 27 को बैसाखी और 02 हितग्राहियों को छड़ी का वितरण किया गया। इसके अलावा श्रवण बाधित 70 हितग्राहियों को श्रवण यंत्र तथा 22 जरूरतमंदों को कृत्रिम हाथ-पैर प्रदान किए गए, वहीं शेष सभी उपस्थित दिव्यांगजनों ने शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाया।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई। शिविर में आधुनिक सहायक उपकरण प्राप्त कर दिव्यांगजनों के चेहरे पर आत्मविश्वास और खुशी स्पष्ट रूप से देखी गई। इन उपकरणों की सहायता से उनके आवागमन, दैनिक कार्यों और आत्मनिर्भर जीवन जीने की राह बेहद आसान होगी। जिला प्रशासन ने इस अवसर पर दोहराया कि दिव्यांगजनों के समग्र कल्याण और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए इस तरह के शिविरों के माध्यम से भविष्य में भी निरंतर सहयोग और आवश्यक सहायता प्रदान की जाती रहेगी।