छात्रावासों एवं आश्रमों में कार्यरत कर्मचारियों के बैंक खातों में 2 से 3 दिनों के भीतर अंतरित होगी राशि
उत्तर बस्तर कांकेर, 11 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ शासन की पहल पर त्योहारों के पूर्व दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को आर्थिक राहत प्रदान करने के उद्देश्य से आदिवासी विकास विभाग, कांकेर के अंतर्गत संचालित विभिन्न छात्रावासों एवं आश्रमों में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए श्रम सम्मान राशि स्वीकृत कर दी गई है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के अनुमोदन के पश्चात अप्रैल 2026 से जुलाई 2026 तक कुल चार माह की अवधि की राशि स्वीकृत की गई है। यह राशि आगामी 2 से 3 दिनों के भीतर कोषालय के माध्यम से संबंधित कर्मचारियों के बैंक खातों में सीधे अंतरित की जाएगी।
छत्तीसगढ़ शासन, वित्त विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर के वित्तीय निर्देशों के अनुपालन में श्रम विभाग द्वारा निर्धारित दर पर दैनिक अथवा मासिक वेतन के आधार पर कार्यरत कर्मचारियों को 04 हजार रुपये प्रतिमाह की दर से श्रम सम्मान निधि प्रदान की जानी है। इसी क्रम में आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग से आबंटन प्राप्त होने के बाद पात्र कर्मचारियों के लिए चार माह की श्रम सम्मान राशि की स्वीकृति की कार्रवाई पूरी की गई है।
त्योहारों के पूर्व मिलेगी आर्थिक सहायता
त्योहारों को ध्यान में रखते हुए राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि छात्रावासों एवं आश्रमों में सेवाएं दे रहे दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को आर्थिक सहायता मिल सके और वे त्योहार की तैयारियां कर सकें। बैंक खातों में सीधे राशि हस्तांतरित होने से कर्मचारियों को भुगतान प्राप्त करने में सुविधा होगी। छात्रावासों एवं आश्रमों में दैनिक सेवाएं प्रदान करने वाले कर्मचारियों के लिए यह पहल आर्थिक संबल और प्रोत्साहन का माध्यम बनेगी।