छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

जनसुनवाई: कलेक्टर ने सुनीं लोगों की समस्याएं, आवेदनों की जांच कर कार्रवाई के दिए निर्देश

 गौरेला-पेंड्रा-मरवाही । कलेक्टर  विजय दयाराम के. ने आज कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई में 23 लोगों ने अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने एक-एक कर सभी आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए। उन्होंने शिकायत संबंधी आवेदनों की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि न्यायालय में विचाराधीन प्रकरणों का निराकरण संबंधित न्यायालय द्वारा ही किया जाएगा। जनसुनवाई में मानदेय भुगतान, निर्माण कार्यों पर रोक लगाने, भूमि नामांतरण एवं सीमांकन, आर्थिक सहायता, पैतृक भूमि पर अनावेदकों द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्य पर रोक लगाने, सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन वितरण में अनियमितता, सामाजिक सुरक्षा पेंशन का भुगतान रुकने सहित विभिन्न समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने आवेदकों को उनकी समस्याओं की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image