छत्तीसगढ़ / बालोद

‘सेवा सेतु’ पोर्टल बना नागरिकों के लिए वरदान- संजारी निवासी साहिल कुमार को मिला डिजिटल जाति प्रमाण पत्र

 बालोद, अक्टूबर 2026

राज्य शासन द्वारा नागरिकों को शासकीय सेवाओं का त्वरित, पारदर्शी एवं सुगम लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में शुरू किया गया ‘सेवा सेतु’ पोर्टल आम जनता के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहा है। इस डिजिटल पहल से अब नागरिकों को दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति मिल रही है। इसी क्रम में जिले के मार्रीबंगला तहसील अंतर्गत ग्राम संजारी निवासी श्री साहिल कुमार को ’सेवा सेतु’ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल जाति प्रमाण पत्र सफलतापूर्वक प्रदान किया गया।

समय और श्रम की बचत, डिजिटल प्रमाण पत्र हुआ जारी

ग्राम संजारी निवासी साहिल कुमार ने जाति प्रमाण पत्र प्राप्त करने हेतु ’सेवा सेतु पोर्टल’ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया था। आवेदन की तकनीकी एवं विधिक जांच के उपरांत डिजिटल जाति प्रमाण पत्र त्वरित रूप से जारी कर दिया गया। समय पर प्रमाण पत्र मिलने से प्रसन्न साहिल कुमार ने राज्य शासन की इस डिजिटल पहल की सराहना करते हुए कहा कि पोर्टल के माध्यम से शीघ्र ही प्रमाण पत्र आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं, जिससे समय और धन दोनों की बचत हो रही है।

एक ही मंच पर मिल रहा सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ

उल्लेखनीय है कि ’सेवा सेतु’ छत्तीसगढ़ शासन की एक प्रमुख आधिकारिक ऑनलाइन सेवा पहल है। इस पोर्टल का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के नागरिकों को शासकीय एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ घर बैठे, सुगमता से और एक ही मंच पर उपलब्ध कराना है। इसके तहत जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र सहित विभिन्न विभागों की नागरिक केंद्रित सेवाओं को ऑनलाइन किया गया है, जिससे ग्रामीण व दूरस्थ अंचलों के लोगों को भी शासकीय सुविधाओं का सीधा लाभ मिल रहा है।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे विभिन्न शासकीय प्रमाण पत्रों एवं सेवाओं के लिए शासन के अधिकृत सेवा सेतु पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करें और डिजिटल सेवाओं का लाभ उठाएं।

Leave Your Comment

Click to reload image