कवर्धा। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर श्री आदिशक्ति दुर्गापूजा परिवार द्वारा श्री आदिशक्ति मंडपम में भक्तिमय कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 17 अक्टूबर को सिंदूर सौभाग्यदान एवं सिंदूर महाआरती का विशेष आयोजन होगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
दुर्गापूजा के मुख्य पुजारी स्वप्निल उपाध्याय ने बताया कि श्री आदिशक्ति मंडपम में प्रतिवर्ष मां आदिशक्ति के विभिन्न स्वरूपों की स्थापना कर विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। इस वर्ष कवर्धा में पहली बार सिंदूर से निर्मित मां मांगल्य गौरिका की प्रतिमा स्थापित की गई है। नवरात्र के दौरान प्रतिदिन माता रानी की विशेष पूजा-अर्चना कर श्रद्धालु सुख, समृद्धि और सौभाग्य की कामना कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि दुर्गापूजा के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल सिंदूर सौभाग्यदान एवं सिंदूर महाआरती 17 अक्टूबर को संध्या में भव्य रूप से आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर माताएं एवं बहनें मां आदिशक्ति को सिंदूर अर्पित कर सौभाग्यदान करेंगी। इसके पश्चात उसी सिंदूर से मां रुद्राणी की भव्य महाआरती की जाएगी। आयोजन में सहभागिता के लिए माताओं एवं बहनों को विशेष रूप से सिंदूरी निमंत्रण दिया गया है। समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस पावन महापूजा में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
आयोजन की तैयारियों में जुटी समिति
सिंदूर महापूजा एवं दुर्गापूजा को भव्य और सफल बनाने के लिए समिति के आचार्य सुमित भारद्वाज, अध्यक्ष अभिनव तिवारी, संरक्षक डेविड खत्री एवं प्रकाश देवांगन, उपाध्यक्ष दीपक चंद्रवंशी 'देवा चंद्रवंशी सचिव संतोष झारिया, ब्रिज मोहन कुम्भकार,सह सचिव हेमंत साहू एवम श्री आदि शक्ति महिला समिति के सदस्यों सहित समस्त मोहल्ले वासी जुटे हुवे है।