अमेरिका के प्राइमरी स्कूल में गोलीबारी, तीन मासूम बच्चों और एक टीचर की मौत; मारा गया हमलावर
वॉशिंगटन । अमेरिका के ओरेगन राज्य में गुरुवार को एक प्राइमरी स्कूल में हुई गोलीबारी की दिल दहला देने वाली घटना में चार लोगों की मौत हो गई। स्थानीय पुलिस और सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों में तीन स्कूली बच्चे और एक शिक्षक शामिल हैं। वहीं, गोलीबारी के लिए जिम्मेदार 16 वर्षीय संदिग्ध हमलावर भी मारा गया है। 7 साल के बच्चे और एक अन्य शिक्षक की हालत गंभीर इस हिंसक वारदात में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें एक 7 वर्षीय मासूम बच्चा और एक अन्य शिक्षक शामिल हैं। दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना गुरुवार दोपहर ओरेगन के बेंड स्थित 'सिल्वर रेल एलीमेंट्री स्कूल' में घटी। प्राथमिक जांच में सामने आया कि 16 वर्षीय हमलावर ने सबसे पहले बाहर खड़ी एक कार पर गोलियां चलाईं और उसके बाद हथियारों से लैस होकर स्कूल परिसर के भीतर दाखिल हो गया, जहां उसने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
बेंड शहर के पुलिस प्रमुख माइक क्रैंट्ज़ ने बताया कि हमलावर पुलिस कार्रवाई में नहीं, बल्कि एक स्थानीय नागरिक की जवाबी कार्रवाई में मारा गया। माइक क्रैंट्ज़ के अनुसार एक स्थानीय नागरिक ने संदिग्ध को हथियार लेकर स्कूल परिसर में घुसते हुए देख लिया था। उस व्यक्ति ने तुरंत संदिग्ध का पीछा किया और इमारत के अंदर पहुंच गया।
वहां दोनों के बीच सीधी मुठभेड़ हुई, जिसमें स्थानीय नागरिक की गोली लगने से हमलावर मौके पर ही मारा गया। पुलिस ने पूरे स्कूल परिसर को खाली कराकर इलाके की घेराबंदी कर दी है और 16 वर्षीय हमलावर के मकसद व हथियारों के स्रोत की गहन जांच की जा रही है।