देश-विदेश

दिसंबर में 2 दिवसीय दौरे पर कनाडा जाएंगे प्रधानमंत्री मोदी

 नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने दिसंबर में कनाडा के 2 दिवसीय दौरे पर जाएंगे। ओटावा स्थित भारतीय उच्चायोग ने शुक्रवार को बताया कि प्रधानमंत्री 11 और 12 दिसंबर को कनाडा प्रवास पर रहेंगे। उच्चायोग ने यह घोषणा मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच मंगलवार को हुई टेलीफोन वार्ता के बाद की है। बातचीत में दोनों देशों ने द्विपक्षीय संबंधों को बेहतर बनाने के प्रयासों को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई है।

उच्चायोग ने एक्स पर मोदी के दौरे को लेकर कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11-12 दिसंबर 2026 को कनाडा का दौरा करेंगे। हाल ही में प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ हुई बातचीत में, दोनों नेताओं ने संबंधों में सकारात्मक गति को आगे बढ़ाने और व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा और लोगों के बीच संबंधों में ठोस परिणाम प्राप्त करने की दिशा में काम करने पर सहमति व्यक्त की।

 
 
 

इससे पहले प्रधानमंत्री कार्नी ने कैलगरी में इसकी जानकारी दी थी। मोदी और कार्नी की फोन पर बात ऐसे समय पर हुई है, जब कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद और अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू एक व्यापार समझौते पर बातचीत के लिए 6 दिवसीय भारत दौरे पर हैं।

 
 
 

दोनों देश इस वर्ष के अंत तक एक व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की कोशिश कर रहे हैं, जिसका लक्ष्य 2030 तक दोनों देशों के बीच व्यापार को दोगुना करके सालाना 70 अरब डॉलर तक पहुंचाना है। कनाडा के साथ भारत के संबंधों के बिगड़ने के बाद प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा इसे सुधारने पर बल देगी। वर्ष 2023 में, पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने हाउस ऑफ कॉमन्स में आरोप लगाया था कि सिख कार्यकर्ता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारतीय सरकार के एजेंट शामिल थे।

इससे दोनों देशों के राजनयिक संबंधों पर असर पड़ा था। हालांकि, पिछले साल कार्नी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से भारत के प्रति रुख में बदलाव आया है।

Leave Your Comment

Click to reload image