छत्तीसगढ़ / दुर्ग

तीन-चार माह से वेतन नहीं मिलने पर भिलाई चरोदा निगम कर्मचारियों में आक्रोश

 भिलाई-चरौदा । भिलाई-चरौदा नगर निगम के कर्मचारियों को पिछले कई महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण उनमें आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस समस्या को लेकर 16 अक्टूबर को नगर निगम कर्मचारी महासंघ से संबद्ध इकाई ने प्रशासक एवं आयुक्त को पत्र सौंपकर वेतन भुगतान में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी है कि दशहरा महापर्व से पहले समस्त अधिकारी-कर्मचारियों का बकाया वेतन भुगतान नहीं किया गया, तो निगम में अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।

इस संबंध में कर्मचारी महासंघ की भिलाई-चरौदा इकाई के अध्यक्ष रामअवतार साहू, कार्यवाहक अध्यक्ष राम कुर्रे एवं महामंत्री अविनाश चंद्राकर ने संयुक्त रूप से बताया कि निगम के नियमित कर्मचारियों को अगस्त और सितंबर 2026 का वेतन अब तक नहीं मिला है। वहीं, अधिकारी एवं अभियंता वर्ग भी पिछले चार माह से वेतन के लिए परेशान हैं। वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और उनमें भारी नाराजगी है।

पदाधिकारियों ने कहा कि निगम प्रशासन की ओर से बार-बार वेतन भुगतान में देरी की जा रही है। स्थिति यह है कि हर तीन माह में एक माह का वेतन देकर कर्मचारियों को इंतजार कराया जा रहा है। इसके बावजूद निगम का पूरा अमला आगामी निर्वाचन सहित अन्य दैनिक कार्यों का निष्पादन बिना नियमित वेतन के कर रहा है।

कर्मचारी संघ ने आयुक्त को सौंपे पत्र में स्पष्ट किया है कि कर्मचारियों की आर्थिक परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द बकाया वेतन का भुगतान किया जाए। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि दशहरा से पहले तीन से चार माह का बकाया वेतन नहीं दिया गया, तो सभी अधिकारी-कर्मचारी लामबंद होकर निगम का कामकाज पूरी तरह ठप कर देंगे और अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी निगम प्रशासन की होगी।

Leave Your Comment

Click to reload image