मुस्लिम इंटेलेक्चुअल फोरम ने 400 विद्यार्थियों को किया सम्मानित
रायपुर । मुस्लिम इंटेलेक्चुअल फोरम ने 18 अक्टूबर को रायपुर के शहीद स्मारक भवन में सम्मान समारोह आयोजित कर 400 बच्चों-बच्चियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पत्रिका का विमोचन किया गया और टॉपर्स को मेडल प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मान देना और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना रहा।
मेहनत, लगन और सकारात्मक सोच पर जोर
कार्यक्रम में नई दिल्ली स्थित सेंटर फॉर स्टडी एंड रिसर्च के निदेशक, शिक्षाविद्, शोधकर्ता एवं लेखक डॉ. मोहम्मद रिजवान प्रेरक मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के प्रति समर्पित रहने और मेहनत व लगन से लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया। उन्होंने आत्मनियंत्रण, सकारात्मक सोच और परिवार के मार्गदर्शन को भी सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया।
वक्ताओं ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए किया प्रेरित
समारोह की अध्यक्षता नागपुर के प्रो. मो. अय्यूब खान ने की, जबकि भिलाई के डॉ. जावेद रिजवी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों ने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान श्रीमती फरहीन और मुस्कान अग्रवाल ने भी शिक्षा के महत्व पर विचार रखे।
फोरम के पदाधिकारी और नागरिक रहे उपस्थित
कार्यक्रम का संचालन सैयद अकील ने किया। समारोह में फोरम के अध्यक्ष शकील अहमद, सचिव आबिद खान, शफीक मुबारक गौरी, नजर हुसैनी, जफर अजमद, रफीक, अंसार, अकरम, रजा, हशीम, राशिद सिबली और मूसा भाई सहित फोरम के संस्थापक सदस्य एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। वैदिक न्यूज चैनल की प्रबंध निदेशक सैय्यद सलमा सहित शहर के नागरिकों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
समारोह में विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धियों की सराहना करते हुए शिक्षा को सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी बताया गया।