युवा रत्न सम्मान योजना के लिए 30 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित
उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं को मिलेगा एक लाख से ढाई लाख रुपए तक का सम्मान, युवा संगठन को पांच लाख रुपए
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 22 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं को प्रोत्साहित करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में उनके उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से संचालित युवा रत्न सम्मान योजना 2026-27 के तहत जिले के पात्र युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों से 30 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के अंतर्गत असाधारण एवं विशिष्ट सेवा कार्य के लिए एक युवा को छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। चयनित युवा को 2 लाख 50 हजार रुपए, पदक, शाल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करने वाले एक स्वैच्छिक संगठन को युवा संगठन सम्मान के तहत 5 लाख रुपए, पदक, शाल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त 13 विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले एक-एक युवा को एक-एक लाख रुपए की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। इन क्षेत्रों में सामाजिक कार्य, साहित्य, नवाचार एवं उद्योग, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, महिला एवं बाल विकास, मीडिया, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, कला एवं संगीत तथा लोककला शामिल हैं।जिला स्तर पर प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर जिला स्तरीय चयन समिति की अनुशंसा के साथ संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण, रायपुर को भेजा जाएगा। अंतिम चयन राज्य स्तरीय चयन समिति द्वारा किया जाएगा। जिला खेल अधिकारी गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ने जिले के प्रतिभाशाली युवाओं एवं पात्र स्वैच्छिक संगठनों से निर्धारित समय-सीमा में आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है। योजना एवं आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी के लिए कार्यालय जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही से संपर्क किया जा सकता है।