छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

पेंड्रा-मरवाही : राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की जिला स्तरीय प्रतियोगिता 23 अक्टूबर को

 चयनित विद्यार्थी वैज्ञानिक परियोजनाओं का करेंगे प्रस्तुतिकरण, नवाचार और वैज्ञानिक अनुसंधान को मिलेगा प्रोत्साहन

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 22 अक्टूबर 2026

राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (एनसीएससी) 2026-27 के अंतर्गत जिला स्तरीय बाल विज्ञान परियोजना प्रतियोगिता का आयोजन शुक्रवार 23 अक्टूबर को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) पेंड्रा में किया गया है। प्रतियोगिता में चयनित विद्यार्थी अपनी वैज्ञानिक परियोजनाओं का निर्णायक मंडल के समक्ष प्रस्तुतिकरण करेंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन, नवाचार एवं अनुसंधान की प्रवृत्ति विकसित करना तथा स्थानीय समस्याओं का वैज्ञानिक पद्धति से समाधान खोजने के लिए प्रोत्साहित करना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपने आसपास की समस्याओं का अध्ययन, विश्लेषण एवं वैज्ञानिक निष्कर्ष प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
           जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए गठित निर्णायक मंडल द्वारा पूर्व में 10 अक्टूबर को प्राप्त प्रोजेक्ट फाइलों का अध्ययन एवं परीक्षण कर उत्कृष्ट एवं नवाचारी परियोजनाओं के चयन की प्रक्रिया की गई है। चयनित विद्यार्थी प्रतियोगिता में अपनी परियोजनाओं की वैज्ञानिक अवधारणा, कार्यप्रणाली, अध्ययन के परिणाम एवं निष्कर्ष प्रस्तुत करेंगे। निर्णायक मंडल द्वारा परियोजनाओं का मूल्यांकन विषय की प्रासंगिकता, समस्या की समझ, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान पद्धति, आंकड़ों के विश्लेषण, निष्कर्ष एवं प्रस्तुतीकरण क्षमता के आधार पर किया जाएगा। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को निखारने तथा स्थानीय संसाधनों एवं समस्याओं पर आधारित नवाचार को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच है। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्चतर स्तर पर अपनी वैज्ञानिक क्षमता प्रदर्शित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image