प्रैक्टिकल के नाम पर अवैध वसूली के खिलाफ जनता कांग्रेस ने खोला मोर्चा!
छत्तीसगढ़ कॉलेज ऑफ नर्सिंग में प्रैक्टिकल के नाम पर अतिरिक्त वसूली का आरोप, जनता कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
आज जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) की टीम द्वारा CG College of Nursing, बोरियाकला पहुंचकर छात्रों से प्रैक्टिकल के नाम पर की जा रही कथित अवैध वसूली को लेकर कॉलेज प्रबंधन को घेरा।
आयुष विश्वविद्यालय के आदेश का हवाला देते हुए कॉलेज प्रबंधन को दो टूक चेतावनी, सोमवार तक वसूली बंद नहीं हुई तो होगी शिकायत।
रायपुर। छत्तीसगढ़ कॉलेज ऑफ नर्सिंग, बोरियाकला में प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर विद्यार्थियों से कथित रूप से अतिरिक्त शुल्क वसूले जाने का मामला सामने आया है। छात्रों की इस समस्या को लेकर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) की टीम ने कॉलेज पहुंचकर प्रबंधन से मुलाकात की और तत्काल अतिरिक्त वसूली बंद करने की मांग की।
इस दौरान प्रदेश संगठन महामंत्री नीलेश चौहान ने कॉलेज प्रबंधन को स्पष्ट शब्दों में कहा कि विद्यार्थियों पर प्रैक्टिकल के नाम पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डालना और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नीलेश चौहान ने इस संबंध में पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय द्वारा जारी आदेश क्रमांक 52/D.U.H.S./गोप./2026, दिनांक 28 अप्रैल 2026 का हवाला देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित परीक्षाओं में प्रायोगिक परीक्षा के लिए छात्र-छात्राओं से किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। विश्वविद्यालय ने सभी संबद्ध महाविद्यालयों को भी इस निर्देश का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब विश्वविद्यालय का आदेश स्पष्ट है, तो फिर विद्यार्थियों से प्रैक्टिकल के नाम पर अतिरिक्त राशि क्यों ली जा रही है?
जनता कांग्रेस की टीम ने कॉलेज प्रबंधन को सोमवार तक का समय देते हुए कहा कि यदि अतिरिक्त शुल्क की वसूली तत्काल बंद नहीं की गई, तो आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति से औपचारिक शिकायत कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, विद्यार्थियों से वसूली गई अतिरिक्त राशि वापस कराने और दोषी प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
निलेश चौहान ने कहा कि शिक्षा के मंदिरों में विद्यार्थियों का आर्थिक शोषण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। विश्वविद्यालय के आदेशों का पालन कराना और विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) छात्रों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ सड़क से लेकर विश्वविद्यालय तक उनकी लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगी।
इस दौरान युवा जनता कांग्रेस के प्रदेश संयोजक नवीन अग्रवाल, अजीब असरफ, सत्यम डोंगरे, नवेद कुरैशी, अभय प्रताप, अंसांश पॉल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।