छत्तीसगढ़ / बालोद

पालना केंद्र सिवनी में चौपाल एवं पोस्टर के माध्यम से चलाया गया जागरूकता अभियान ‘मिशन शक्ति’ एवं ‘मिशन वात्सल्य’ के तहत महिलाओं व बालिकाओं को अधिकारों व योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक

बालोद। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी अमित सिन्हा के आदेश एवं मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘मिशन शक्ति’ एवं ‘मिशन वात्सल्य’ योजना के अंतर्गत पालना केंद्र सिवनी में चौपाल एवं पोस्टर के माध्यम से विशेष जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा तथा शासकीय कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर व सशक्त बनाना रहा।



अभियान के दौरान महिलाओं को एकत्र कर संवाद एवं चौपाल के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा तथा कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही शासन द्वारा संचालित प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं जैसे नोनी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सखी वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन नंबर 181 तथा आपातकालीन सेवा डायल 112 (एक्के नंबर सब्बो बर) के संबंध में विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम में पोस्टर एवं प्रचार सामग्रियों के जरिए योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया तथा पालना केंद्र एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से दी जाने वाली पोषण व देखरेख सेवाओं पर सारगर्भित परिचर्चा की गई। वक्ताओं ने महिलाओं को योजनाओं का पूरा लाभ उठाने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी विषम परिस्थिति में तत्काल विभागीय सहायता केंद्रों व हेल्पलाइन सेवाओं से संपर्क करने हेतु प्रेरित किया।

इस अवसर पर संरक्षण अधिकारी श्रीमती हितेश्वरी मेश्राम, बाल संरक्षण अधिकारी गजानंद साहू, जिला मिशन समन्वयक (मिशन शक्ति) डॉ. एस कुमार, केंद्र प्रशासक सखी वन स्टॉप सेंटर सुश्री एकता कुर्रे, जेंडर विशेषज्ञ दिनेश्वरी सिन्हा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती शोहद्रा, पालना कार्यकर्ता प्रतिभा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।


Leave Your Comment

Click to reload image