रवेली विद्यालय में राष्ट्रीय एकता दौड़ का आयोजन, सरदार पटेल के आदर्शों को किया याद
कबीरधाम |
2026-11-02 10:37:21
रवेली विद्यालय में राष्ट्रीय एकता दौड़ का आयोजन, सरदार पटेल के आदर्शों को किया याद
राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का दिया संदेश
कवर्धा- शहीद नरेंद्र शर्मा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रवेली में 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय सेवा योजना (रा.से.यो.) इकाई के तत्वावधान में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दौड़ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सामाजिक समरसता के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाने के लिए प्रेरित करना था। दौड़ में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और राष्ट्र की एकता, आपसी भाईचारे तथा देश के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन एवं राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद देशी रियासतों के एकीकरण में सरदार पटेल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। उनके दृढ़ नेतृत्व, दूरदर्शिता और राष्ट्रहित के प्रति अटूट प्रतिबद्धता ने देश को एक सूत्र में पिरोने तथा राष्ट्रीय एकता को मजबूत आधार प्रदान करने में अहम भूमिका निभाई। उनके इसी असाधारण योगदान के कारण उन्हें 'लौह पुरुष' के नाम से जाना जाता है।
राष्ट्र की एकता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य
कार्यक्रम अधिकारी एवं व्याख्याता जितेन्द्र कुमार राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन हमें राष्ट्र की एकता एवं अखंडता की रक्षा करने की प्रेरणा देता है। प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह देश की एकता को बनाए रखने में अपना योगदान दे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के विचारो से प्रेरणा लेकर जाती,धर्म, भाषा एवम के क्षेत्र के भेदभाव से ऊपर उठकर आपसी सदभाव सहयोग एवम भाईचारे को बढ़ावा दें। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ ब्यख्याता हरिनारायण पांडेय, महेंद्र कुमार श्रीवास,वीरेन्द्र कुमार शर्मा, किशन लाल सत्यवंशी, विजय चंद्रवंशी, राधिका मंडावी, मनोहर सिंह ध्रुवे, श्रीमती भावना साहू एवम समस्त स्टाफ के साथ ही साथ शाला के विद्यार्थी उपस्थित थे।