छत्तीसगढ़ / रायपुर

ग्रामीण महिलाओं के स्वावलंबन को मिल रहा प्रोत्साहन, ‘विष्णु की पाती’ से रामनगर की अनिता का बढ़ा हौसला

 खेती-मजदूरी के साथ किराना दुकान चलाकर परिवार की आय बढ़ा रहीं श्रीमती अनिता

रायपुर ,12 नवंबर 2026/

छत्तीसगढ़ में ग्रामीण महिलाएँ स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आजीविका के नए अवसर अपना रही हैं और परिवार की आर्थिक मजबूती में योगदान दे रही हैं। इसी क्रम में बलरामपुर जिले के कुसमी विकासखंड की ग्राम पंचायत रामनगर की श्रीमती अनिता ने खेती और मजदूरी के साथ किराना दुकान शुरू कर अपनी आमदनी बढ़ाने का प्रयास किया है। उनके इस परिश्रम और पहल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने ‘विष्णु की पाती’ के माध्यम से उन्हें व्यक्तिगत पत्र भेजकर राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ और बधाई दी है।

श्रीमती अनिता स्व-सहायता समूह से जुड़ी हैं। खेती और मजदूरी में परिवार का साथ देने के साथ वे किराना दुकान चलाने की जिम्मेदारी भी निभा रही हैं। दुकान शुरू होने से परिवार के पास आय का एक अतिरिक्त साधन जुड़ा है। उनके परिश्रम और पहल ने गाँव में भी उन्हें एक उद्यमी के रूप में पहचान दिलाई है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने पत्र में लिखा है कि परिवार की जिम्मेदारियाँ निभाते हुए नया काम शुरू करना हिम्मत और धैर्य का काम है। खेती और मजदूरी में श्रीमती अनिता का श्रम पहले से ही परिवार का सहारा रहा है। अब दुकान के रूप में कमाई का एक और साधन जुड़ने से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। उन्होंने घर, खेती और दुकान की जिम्मेदारियों को एक साथ निभाने में लगने वाले परिश्रम के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘लखपति दीदी’ संकल्प का आत्मीय पहलू यह है कि महिलाओं के हुनर और परिश्रम को आगे बढ़ने के अवसर मिलें। श्रीमती अनिता ने अपनी मेहनत से इस अवसर को जीवन से जोड़ा है। मुख्यमंत्री ने कामना की कि उनकी दुकान खूब चले, आय बढ़े और आने वाला समय उनके परिवार के लिए सुख, संतोष और समृद्धि लेकर आए।

Leave Your Comment

Click to reload image