बिलासपुर शहर की बदहाल सड़कें, आखिर कब जागेगा नगर निगम प्रशासन?
बिलासपुर |
2026-11-12 16:48:21
बिलासपुर शहर स्मार्ट सिटी का रूप लेते हुए महानगर की ओर अग्रसर हो रहा है। शहर के चारों ओर लगभग 10 किलोमीटर के दायरे में नगर निगम का क्षेत्र भी बढ़ चुका है, जिसमें कई गांवों को शामिल किया गया है। लेकिन दूसरी ओर शहर की बदहाल सड़कों की स्थिति पर नजर डालें तो चारों तरफ सड़कों पर गड्ढे ही गड्ढे नजर आते हैं।
नगर निगम आयुक्त, अधिकारियों एवं महापौर का ध्यान आखिर इन बदहाल सड़कों की ओर क्यों नहीं जा रहा है? प्रशासन इस मामले में चुप्पी साधे बैठा है। आखिर इन सड़कों का डामरीकरण कब होगा? नगर निगम प्रशासन कब नींद से जागेगा और सड़कों के गड्ढों को भरेगा? आम जनता आखिर कब तक हिचकोले खाते हुए गड्ढों भरी सड़कों पर चलने को मजबूर रहेगी?
नगर निगम की इस बदहाल व्यवस्था का खामियाजा आम नागरिकों, बच्चों एवं बुजुर्गों को भुगतना पड़ रहा है।
शहर में जिन सड़कों का डामरीकरण अत्यंत आवश्यक है, उनमें प्रमुख रूप से:
* भैंसा बाजार से अपोलो अस्पताल तक।
* सत्यम चौक से मगरपारा चौक तक।
* अग्रसेन चौक से तारबाहर चौक तक।
* मध्यनगरी चौक से अग्रसेन भवन होते हुए रोहित लॉज तक।
* मध्यनगरी से खपरगंज होते हुए तेलीपारा रोड तक।
* मध्यनगरी चौक से मसानगंज गली होते हुए सत्यम चौक तक।
इन सभी सड़कों का डामरीकरण अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि ये सड़कें शहर के बीचोंबीच स्थित हैं और प्रतिदिन हजारों बिलासपुरवासी इन मार्गों से आवागमन करने को मजबूर हैं।
हम अवाम की आवाज, दैनिक दैनंदिनी अखबार के माध्यम से आम जनता की इस गंभीर समस्या को प्रशासन तक पहुंचाने एवं लोगों की आवाज बुलंद करने का प्रयास कर रहे हैं।