बानौ-कान्हाभैरा सड़क की गुणवत्ता में कमी, ठेकेदार और दो अभियंताओं को नोटिस
कबीरधाम |
2026-11-03 10:50:47
बानौ-कान्हाभैरा सड़क की गुणवत्ता में कमी, ठेकेदार और दो अभियंताओं को नोटिस
सात दिनों में सड़क सुधारने के निर्देश, लापरवाही पर ठेकेदार के खर्च से कराया जाएगा मरम्मत कार्य
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी ने किया निरीक्षण, निर्माण कार्य में कम्पेक्शन की कमी भी आई सामने
कवर्धा, 2 नवंबर 2026। ग्राम बानौ से कान्हाभैरा तक निर्मित सड़क के क्षतिग्रस्त होने और गुणवत्ता में कमी की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग ने कार्रवाई की है। उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के निर्देश पर विभागीय अधिकारियों ने सड़क का निरीक्षण किया। जांच के दौरान 6.70 किलोमीटर लंबे मार्ग में कई स्थानों पर सड़क की पूरी चौड़ाई में तथा कुछ स्थानों पर बाईं ओर का हिस्सा धंसा हुआ पाया गया। सड़क की स्थिति और निर्माण गुणवत्ता में कमी सामने आने के बाद विभाग ने संबंधित ठेकेदार सहित तत्कालीन अनुविभागीय अधिकारी और उप अभियंता को नोटिस जारी किया है।
लोक निर्माण विभाग के कवर्धा संभाग की कार्यपालन अभियंता श्रीमती पूर्णिमा चंद्रा, बोड़ला उपसंभाग के अनुविभागीय अधिकारी तथा उप अभियंता ने 27 अक्टूबर को संयुक्त रूप से सड़क का निरीक्षण किया था। निरीक्षण में सड़क के विभिन्न हिस्सों में क्षति पाए जाने के साथ निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त कम्पेक्शन नहीं होने की बात भी सामने आई। विभाग ने क्षतिग्रस्त हिस्सों को उखाड़कर जीएसबी सतह से निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुसार सुधारने की आवश्यकता बताई है।
सात दिनों में सड़क सुधारने के निर्देश
लोक निर्माण विभाग ने संबंधित ठेकेदार मेसर्स कन्हैया लाल अग्रवाल को नोटिस जारी कर क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत सात दिनों के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सुधार कार्य के फोटोग्राफ कार्यपालन अभियंता के समक्ष प्रस्तुत करने को कहा गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयसीमा में सुधार कार्य नहीं किए जाने पर अनुबंध की शर्तों के अनुसार ठेकेदार के जोखिम एवं खर्च पर मरम्मत कराई जाएगी। इस पर होने वाला व्यय रोकी गई परफॉर्मेंस गारंटी की राशि से समायोजित किया जाएगा। इस प्रक्रिया के लिए संबंधित ठेकेदार स्वयं जिम्मेदार होगा।
उल्लेखनीय है कि मेसर्स कन्हैया लाल अग्रवाल द्वारा ग्राम बानौ से कान्हाभैरा तक पुल-पुलियों सहित 6.70 किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण इसी वर्ष फरवरी में पूरा किया गया था। सड़क पांच वर्ष की परफॉर्मेंस गारंटी अवधि के अंतर्गत है, जो फरवरी 2031 तक प्रभावी रहेगी। इस अवधि में सड़क की गुणवत्ता और उचित रखरखाव सुनिश्चित करना संबंधित ठेकेदार की जिम्मेदारी है।
तत्कालीन एसडीओ और उप अभियंता को भी नोटिस
सड़क निर्माण के दौरान पर्याप्त कम्पेक्शन नहीं पाए जाने को विभाग ने कार्य के प्रति लापरवाही एवं उदासीनता से जुड़ा मामला मानते हुए तत्कालीन अनुविभागीय अधिकारी श्री उमाप्रसाद जोशी और उप अभियंता श्री एल.आर. छत्तरे को भी नोटिस जारी किया है।
विभाग ने दोनों अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर कम्पेक्शन टेस्ट की विस्तृत रिपोर्ट कार्यपालन अभियंता के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समयसीमा में रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं किए जाने पर इसे कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं उदासीनता मानते हुए आरोप पत्र जारी कर विभागीय जांच प्रस्तावित किए जाने की चेतावनी दी गई है।
लोक निर्माण विभाग की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव में कमी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों के साथ जिम्मेदार अधिकारियों से भी जवाब-तलब किया जा रहा है। विभाग का जोर निर्माण कार्यों में निर्धारित तकनीकी मानकों के पालन, सड़कों की गुणवत्ता बनाए रखने और परफॉर्मेंस गारंटी अवधि के दौरान उचित रखरखाव सुनिश्चित करने पर है।