छत्तीसगढ़ / दंतेवाड़ा

"चिन्हारी द गर्ल बैंड" की शानदार प्रस्तुति से गूंजा मेंडका डोबरा मैदान

 दंतेवाड़ा । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26 वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित मेंडका डोबरा मैदान में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव में रायपुर के प्रसिद्ध ‘चिन्हारी द गर्ल बैंड’ की शानदार संगीतमय प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। राज्योत्सव की इस वर्ष की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ को साकार करती बैंड की प्रस्तुति महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और युवतियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने का प्रेरणादायक उदाहरण बनी।

चिन्हारी द गर्ल बैंड छत्तीसगढ़ का एकमात्र गर्ल बैंड है, जिसने अपनी संगीत प्रतिभा के दम पर प्रदेश ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। बैंड को राज्यपाल द्वारा स्वयं आमंत्रित कर रायपुर स्थित लोकभवन में प्रस्तुति देने का अवसर प्रदान किया जा चुका है। इसके साथ ही बैंड लगातार पिछले दो वर्षों से रायपुर राज्योत्सव के मुख्य मंच पर भी अपनी शानदार प्रस्तुतियां दे रहा है।

बैंड की मुख्य गायिकाओं में मेघा बोस ताम्रकार और जयश्री नायर शामिल हैं। सलोनी ड्रम, रितु चंद्राकर एवं शीतल गिटार तथा सानिया की-बोर्ड पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करती हैं। वहीं नवोदित साहू साउंड इंजीनियर के रूप में बैंड को तकनीकी सहयोग प्रदान करते हैं।बैंड ने अपनी प्रस्तुति में पारंपरिक छत्तीसगढ़ी लोकगीतों, सुआ गीत, करमा, ददरिया और लोकधुनों के साथ बॉलीवुड एवं क्षेत्रीय फ्यूजन गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी। लोक संस्कृति और आधुनिक संगीत के अनूठे संगम ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

कार्यक्रम के समापन पर जिला प्रशासन की ओर से चिन्हारी द गर्ल बैंड के सभी कलाकारों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। बैंड की प्रस्तुति ने राज्योत्सव के सांस्कृतिक आयोजन में चार चांद लगाने के साथ ही यह संदेश दिया कि अवसर और मंच मिलने पर बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकती हैं। इस अवसर पर विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। साथ ही अपर कलेक्टर भरतराम धु्रव, एसडीएम मनीष बघेल, डिप्टी कलेक्टर पिंकी मनहर एवं डिप्टी कलेक्टर चंचल पैकरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।  

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image