जिला जेल सूरजपुर में मनाया गया राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस, सप्ताह व्यापी जागरूकता कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ
सूरजपुर नवंबर 2026
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के दिशा-निर्देशानुसार 09 नवंबर 2026 को राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर जिला जेल सूरजपुर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सप्ताहव्यापी विधिक जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ भी किया गया। कार्यक्रम में श्री राजेंद्र प्रसाद पाठक, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल, सूरजपुर मुख्य अतिथि, जिला जेल सूरजपुर के जेल अधीक्षक श्री विक्रम गुप्ता एवं पैरालीगल वॉलंटियर श्री सत्य नारायण विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) द्वारा आधिकारिक रूप से जारी थीम सॉन्ग ‘एक मुट्ठी आसमान‘ के प्रसारण के साथ किया गया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक श्री विक्रम गुप्ता ने उपस्थित जनों को राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री राजेंद्र प्रसाद पाठक ने अपने उद्बोधन में विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 के गठन की पृष्ठभूमि, उद्देश्य एवं आवश्यकता पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान का अनुच्छेद 39-क राज्य को समाज के निम्न वर्गों के लिए निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने तथा आर्थिक या अन्य अक्षमताओं के कारण किसी भी व्यक्ति को न्याय प्राप्त करने के अवसर से वंचित न होने देने का निर्देश देता है।
उन्होंने बताया कि संसद द्वारा वर्ष 1987 में विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम पारित किया गया, जिसे 9 नवंबर 1995 को प्रभावी रूप से लागू किया गया। इसी ऐतिहासिक दिवस की स्मृति में प्रतिवर्ष 9 नवंबर को राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस मनाया जाता है। इसका प्रमुख उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना तथा गरीब, असहाय, जरूरतमंद एवं कमजोर वर्गों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता एवं विधिक सलाह, लोक अदालत की उपयोगिता एवं महत्व, प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज होने से लेकर न्यायालयीन प्रक्रिया तक पुलिस की भूमिका तथा जेल में निरुद्ध बंदियों के विधिक अधिकारों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की। उन्होंने बंदियों को उनके विधिक अधिकारों एवं उपलब्ध कानूनी सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करते हुए इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
उक्त कार्यक्रम प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सूरजपुर श्री थॉमस एक्का के मार्गदर्शन एवं प्राधिकरण की सचिव सुश्री पायल टोपनो के निर्देशन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला जेल के वरिष्ठ कर्मचारीगण एवं पैरालीगल वॉलंटियर श्री उमेश कुमार रजवाड़े सहित अन्य उपस्थितजन मौजूद रहे।