छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

मोटरसाइकिल गैंगबाजी और हुड़दंग करने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, फरार आरोपी संजय चन्द्राकर गिरफ्तार

जातिसूचक गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का है आरोप, दूसरे प्रदेश भागने की फिराक में था आरोपी

पिपरिया/कवर्धा। कबीरधाम जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल पर गैंगबाजी और हुड़दंग करने वाले समूह के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जातिसूचक अपमानजनक गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी संजय चन्द्राकर (20 वर्ष) को थाना पिपरिया एवं अजाक पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दूसरे प्रदेश फरार होने की फिराक में था। इस मामले में पुलिस इससे पहले जयंत चन्द्राकर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है। इस प्रकार प्रकरण में अब तक दोनों नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को ग्राम कृतबांधा निवासी नितेश ध्रुव (23 वर्ष) ने थाना पिपरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि संजय चन्द्राकर एवं एक अन्य व्यक्ति ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हुए दांत से काटकर चोट पहुंचाई तथा जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद जब वह थाने में शिकायत दर्ज कराने जा रहा था, उसी दौरान जयंत चन्द्राकर ने भी उसे जातिसूचक अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता एवं अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

विवेचना के दौरान आरोपी जयंत चन्द्राकर की संलिप्तता सामने आने पर उसे भी प्रकरण में शामिल किया गया। पुलिस ने 9 नवंबर 2026 को जयंत चन्द्राकर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। वहीं, घटना के बाद से फरार चल रहे संजय चन्द्राकर की लगातार तलाश की जा रही थी।

मोटरसाइकिल गैंग के अन्य सदस्यों पर भी हो चुकी है कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, थाना पिपरिया क्षेत्र में मोटरसाइकिल पर गैंगबाजी और हुड़दंग करने वाले इसी समूह के तीन अन्य सदस्यों मुकेश धुर्वे (19 वर्ष), निवासी कोयलारी, लक्ष्मण चन्द्राकर (19 वर्ष), निवासी कुआं तथा धनराज चन्द्राकर (22 वर्ष), निवासी कृतबांधा के विरुद्ध पूर्व में 1 नवंबर 2026 को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। वहीं, समूह में शामिल चार विधि विरुद्ध संघर्षरत बालकों के परिजनों को समझाइश देते हुए भविष्य में ऐसी गतिविधियों की पुनरावृत्ति नहीं होने देने के लिए अंतिम चेतावनी दी गई थी। पुलिस जांच में संजय चन्द्राकर भी इसी समूह के साथ सक्रिय रहने तथा जयंत चन्द्राकर के साथ मारपीट एवं विवाद की गतिविधियों में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी

आरोपी संजय चन्द्राकर पिता कैलाश चन्द्राकर, उम्र 20 वर्ष, निवासी बिपतरा, थाना पिपरिया घटना के बाद से फरार चल रहा था। इसी बीच 10 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी पिपरिया क्षेत्र में मौजूद है और दूसरे प्रदेश भागने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही थाना पिपरिया एवं अजाक पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अभिलेखों के अनुसार आरोपी के विरुद्ध थाना पिपरिया में अपराध क्रमांक 343/2026 के तहत एक अन्य आपराधिक प्रकरण भी दर्ज है। इसके अलावा वर्ष 2023 में मोटर वाहन अधिनियम के तहत भी उसके विरुद्ध प्रकरण दर्ज रहा है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के पर्यवेक्षण तथा अनुविभागीय अधिकारी अजाक/साइबर प्रशांत देवांगन के नेतृत्व में यह संयुक्त कार्रवाई की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी पिपरिया निरीक्षक नितिन तिवारी सहित थाना पिपरिया एवं अजाक पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जातिगत अपमान, मारपीट, धमकी, मोटरसाइकिल गैंगबाजी एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने युवाओं से गलत संगति और कानून विरोधी गतिविधियों से दूर रहने तथा अभिभावकों से अपने बच्चों की गतिविधियों पर निगरानी रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जिले में शांति, सद्भाव और आम नागरिकों की सुरक्षा बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave Your Comment

Click to reload image