छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

दीपावली पर जुआरियों के खिलाफ कबीरधाम पुलिस का बड़ा अभियान, सात दिन में 162 आरोपी गिरफ्तार

40 जुआ प्रकरण दर्ज, 81 हजार 955 रुपये की राशि जब्त; जिले के 12 थाना एवं चौकी क्षेत्रों में हुई कार्रवाई

कवर्धा। दीपावली पर्व के दौरान जुआ-सट्टा जैसी अवैधानिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कबीरधाम पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देश पर महज सात दिनों के भीतर पुलिस ने 40 जुआ प्रकरण दर्ज करते हुए 162 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है। इस दौरान जुआरियों के कब्जे से कुल 81 हजार 955 रुपये की राशि जब्त की गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपावली पर्व के दौरान जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा जुआ खेलने और खिलाने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इन निर्देशों के पालन में कबीरधाम पुलिस ने 3 नवंबर से 9 नवंबर 2026 तक विशेष अभियान चलाकर जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में लगातार दबिश दी।

इस दौरान छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत कुल 40 प्रकरण दर्ज कर 162 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके से कुल 81,955 रुपये की जुआ राशि जब्त की।

कुंडा थाना क्षेत्र में सबसे अधिक राशि जब्त

जुआरियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई में थाना एवं चौकीवार आंकड़ों के अनुसार थाना कवर्धा में 6 प्रकरणों में 26 आरोपियों से 16,480 रुपये, चौकी पौड़ी में 1 प्रकरण में 3 आरोपियों से 1,750 रुपये तथा थाना सहसपुर लोहारा में 6 प्रकरणों में 21 आरोपियों से 8,890 रुपये जब्त किए गए।

इसी तरह थाना पिपरिया में 4 प्रकरणों में 11 आरोपियों से 5,530 रुपये, थाना पांडातराई में 5 प्रकरणों में 27 आरोपियों से 9,920 रुपये, चौकी दशरंगपुर में 3 प्रकरणों में 14 आरोपियों से 6,420 रुपये तथा थाना पंडरिया में 4 प्रकरणों में 17 आरोपियों से 3,410 रुपये जब्त किए गए।

वहीं थाना कुंडा में 5 प्रकरणों में 21 आरोपियों से सर्वाधिक 21,415 रुपये, चौकी दामापुर में 2 प्रकरणों में 6 आरोपियों से 1,720 रुपये, थाना बोड़ला में 2 प्रकरणों में 8 आरोपियों से 3,220 रुपये, थाना सिंघनपुरी में 1 प्रकरण में 5 आरोपियों से 2,380 रुपये तथा चौकी बैजलपुर में 1 प्रकरण में 3 आरोपियों से 820 रुपये की राशि जब्त की गई।

त्योहारों में कानून व्यवस्था बनाए रखने अभियान जारी

कबीरधाम पुलिस द्वारा त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैधानिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी लगातार वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि दीपावली सहित सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों से दूर रहें। जिले में कहीं भी अवैधानिक गतिविधि संचालित होने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

Leave Your Comment

Click to reload image