छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

मवेशी व्यापारियों को बंधक बनाकर लूटपाट और फिरौती वसूलने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

जंगल में तीन व्यापारियों से मारपीट कर लूटे 70 हजार रुपये, पांच लाख की मांगी थी फिरौती; बैंक खाते में जबरन ट्रांसफर कराए 90 हजार रुपये

कवर्धा। कबीरधाम जिले के भोरमदेव थाना क्षेत्र में मवेशी व्यापारियों को बंधक बनाकर मारपीट, लूटपाट और फिरौती वसूलने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने जंगल में तीन मवेशी व्यापारियों को घेरकर उनके साथ मारपीट की, नगदी और मोबाइल फोन लूटे तथा पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। इसके बाद व्यापारियों से जबरन बैंक खाते में अलग-अलग किश्तों में 90 हजार रुपये ट्रांसफर कराए गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 25 हजार रुपये नगद सहित कुल 1 लाख 42 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 2 नवंबर 2026 की है। ग्राम रौचन निवासी कुलेश्वर विश्वकर्मा अपने साथी गुनु धुर्वे एवं शिव प्रसाद के साथ खरीदे गए नौ मवेशियों को बिक्री के लिए ग्राम सारसडोल, थाना मलाजखंड, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) ले जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 9 बजे चढ़चौड़ा जंगल के ढलान के पास मवेशियों के साथ विश्राम करने के दौरान ग्राम केसदा निवासी कामू बैगा अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोपियों ने तीनों व्यापारियों के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

इसके बाद आरोपियों ने व्यापारियों को निशाना बनाते हुए कुलेश्वर विश्वकर्मा से 10 हजार रुपये एवं मोबाइल फोन, शिव प्रसाद से 40 हजार रुपये एवं मोबाइल फोन तथा गुनु धुर्वे से 20 हजार रुपये नगद लूट लिए। लूटपाट के बाद आरोपियों ने तीनों व्यापारियों को अपने कब्जे में लेकर ग्राम केसदा की ओर ले गए और पांच लाख रुपये की फिरौती की मांग की। काफी बातचीत के बाद आरोपियों ने अपने बताए बैंक खाते में अलग-अलग किश्तों में कुल 90 हजार रुपये जबरन ट्रांसफर करा लिए। रकम प्राप्त होने के बाद तीनों व्यापारियों को उनके मवेशियों सहित छोड़ दिया गया।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंची पुलिस

पीड़ित कुलेश्वर विश्वकर्मा की रिपोर्ट पर 8 नवंबर 2026 को थाना भोरमदेव में अपराध क्रमांक 59/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं 309(6), 140(3), 119(1), 296, 351(3), 115(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपियों की पतासाजी शुरू की। पीड़ितों एवं उनके साथियों के बयान दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेहियों की पहचान की गई। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। उनके मेमोरेण्डम कथनों के आधार पर घटना में प्रयुक्त वाहन, मोबाइल फोन एवं नगदी रकम बरामद की गई। साथ ही बैंक खाते में फिरौती की रकम प्राप्त होने से संबंधित ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट भी महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में जब्त किया गया।

दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल और 25 हजार रुपये जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1 लाख 42 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। इसमें 25 हजार रुपये नगद, तीन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 47 हजार रुपये तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल की कीमत 70 हजार रुपये शामिल है। इसके अतिरिक्त कामू बैगा के बैंक खाते में फिरौती की रकम प्राप्त होने से संबंधित 89 हजार रुपये के ट्रांजेक्शन का स्क्रीनशॉट भी जब्त किया गया है।

ग्राम केसदा के चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में ग्राम केसदा निवासी चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें कामू बैगा पिता चैतराम बैगा (30 वर्ष), चंदन सिंह धुर्वे पिता स्व. बुधराम धुर्वे (54 वर्ष), महेश धुर्वे पिता उदेराम धुर्वे (22 वर्ष) एवं सुरेश धुर्वे पिता रतन धुर्वे (37 वर्ष) शामिल हैं। चारों आरोपियों को 9 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा डीएसपी प्रमिला मंडावी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। मामले के खुलासे में थाना प्रभारी भोरमदेव निरीक्षक लालमन साव, एएसआई दिनेश झरिया, एएसआई संजीव तिवारी, साइबर टीम, महिला प्रधान आरक्षक सुखबती भलावी, आरक्षक रूबी राय, राम यादव एवं अभिनय तिवारी सहित थाना भोरमदेव पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

कबीरधाम पुलिस ने मवेशी व्यापारियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि मवेशियों के क्रय-विक्रय और परिवहन के दौरान विशेष सतर्कता बरतें। किसी भी प्रकार की धमकी, मारपीट, लूटपाट अथवा जबरन वसूली की घटना होने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक पुलिस सहायता एवं वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

Leave Your Comment

Click to reload image