कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने बाघामुड़ा धान खरीदी केंद्र का किया निरीक्षण
कबीरधाम |
2026-11-12 18:47:08
*बारदाना, किसान पंजीयन, टोकन एवं धान खरीदी से जुड़ी व्यवस्थाओं का लिया जायजा, पारदर्शिता एवं सुव्यवस्थित खरीदी सुनिश्चित करने के दिए निर्देश*
कवर्धा, 12 नवंबर 2026। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज पंडरिया विकासखंड के ग्राम बाघामुड़ा स्थित धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण कर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान खरीदी केंद्र में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, बारदाना की उपलब्धता, किसान पंजीयन, टोकन व्यवस्था सहित धान खरीदी से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, एसडीएम श्री अमित नाथ योगी, जनपद सीईओ अमित दुबे सहित अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने खरीदी केंद्र के व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि धान खरीदी शासन की महत्वाकांक्षी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसका उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराना तथा खरीदी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाना है। उन्होंने निर्देशित किया कि धान खरीदी से संबंधित सभी तैयारियां समय पर पूर्ण रखी जाएं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बारदाना की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था, पंजीकृत किसानों की जानकारी, टोकन जारी करने की प्रक्रिया तथा खरीदी केंद्र में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप धान खरीदी की प्रक्रिया संपन्न कराई जाए। खरीदी केंद्र में व्यवस्थाएं सुचारू रहें तथा किसानों को अनावश्यक इंतजार और परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
इस दौरान बताया गया कि ग्राम बाघामुड़ा स्थित धान खरीदी केंद्र में कुल 2200 किसान पंजीकृत हैं। कलेक्टर ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी पंजीकृत किसानों की जानकारी एवं आवश्यक दस्तावेजों का व्यवस्थित संधारण किया जाए। साथ ही टोकन व्यवस्था एवं खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखते हुए किसानों को शासन की निर्धारित व्यवस्था के अनुसार सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कहा कि धान खरीदी शासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए धान खरीदी कार्य को सुचारू रूप से संचालित करना सुनिश्चित करें।