छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

बिरसा जयंती पर भाजपा का जनजातीय गौरव सप्ताह, टेकाम ने गिनाईं योजनाएं

छत्तीसगढ़ की छह जनजातियां विलुप्ति के कगार पर, 7 हजार गांव बिरसा मुंडा आदर्श ग्राम अभियान में शामिल होने का दावा

कवर्धा। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाने की घोषणा की है। इसी सिलसिले में गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय कवर्धा में आयोजित प्रेस वार्ता में केशकाल विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता नीलकंठ टेकाम ने जनजातीय समाज के ऐतिहासिक संघर्ष, सांस्कृतिक विरासत, स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान और केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख किया। प्रेस वार्ता में जनजातीय समाज के विकास के साथ उसकी पहचान, परंपरा और अस्तित्व के संरक्षण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।

टेकाम ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल जनजातीय समाज के नायक नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव हैं। 1875 में जन्मे बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन की दमनकारी नीतियों और आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन पर अधिकारों के अतिक्रमण के खिलाफ संघर्ष किया। उन्होंने उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व कर अंग्रेजी कानूनों और शोषणकारी व्यवस्था को चुनौती दी। उनका नारा 'अबुआ दिशुम, अबुआ राज' आज भी जनजातीय स्वाभिमान और अधिकारों का प्रतीक है। कम उम्र में ही उन्हें और उनके साथियों को जेल में डाल दिया गया था। महज 25 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया, लेकिन उनका संघर्ष आज भी सामाजिक चेतना का हिस्सा है।

छत्तीसगढ़ की छह जनजातियों के अस्तित्व पर चिंता

टेकाम ने बताया कि छत्तीसगढ़ में लगभग 43 प्रकार की जनजातियां निवास करती हैं। इनमें से छह जनजातियां विलुप्ति के कगार पर पहुंचने की स्थिति में हैं। यह केवल जनसंख्या का आंकड़ा नहीं, बल्कि पारंपरिक संस्कृति, भाषा, जीवनशैली और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की पहचान और विरासत को बचाने के लिए केंद्र सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से काम कर रही है।

उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का उल्लेख करते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ के लगभग सात हजार गांवों को बिरसा मुंडा आदर्श ग्राम पहल से जोड़ने की बात कही गई है। 50 प्रतिशत से अधिक जनजातीय आबादी वाले गांवों को इस अभियान में शामिल किया गया है। इन क्षेत्रों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार लक्ष्य है।

इतिहास के पन्नों में जनजातीय संघर्ष को स्थान देने की बात

टेकाम ने आरोप लगाया कि मुगल शासन के दौरान धर्मांतरण की घटनाएं हुईं और अंग्रेजों ने सेवा तथा शिक्षा के माध्यम से धर्मांतरण की गतिविधियां चलाईं। उन्होंने इस ऐतिहासिक प्रक्रिया के लिए कांग्रेस नेतृत्व को भी जिम्मेदार ठहराया। ये आरोप उन्होंने प्रेस वार्ता में राजनीतिक टिप्पणी के रूप में रखे। उनका कहना था कि जनजातीय समाज ने बाहरी आक्रमणों और औपनिवेशिक शासन के विरुद्ध संघर्ष किया, लेकिन लंबे समय तक उसके बलिदान को इतिहास में अपेक्षित स्थान नहीं मिला।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021 से 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में राष्ट्रीय पहचान दी। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में 1999 में अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन हुआ। वहीं केंद्र सरकार ने जनजातीय कार्य मंत्रालय का बजट 2014-15 के 4,497.96 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 2025-26 में 14,926 करोड़ रुपये किया है।

15 नवंबर को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजन, जिलों में युवा संवाद

भाजपा जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत 14 नवंबर को स्मारकों और प्रतिमाओं की साफ-सफाई तथा दीपोत्सव, 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि और राष्ट्रीय स्तर के आयोजन प्रस्तावित हैं। 15 से 18 नवंबर तक जिला एवं विधानसभा स्तर पर युवा संवाद, संगोष्ठी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, शोभायात्रा और जनसंपर्क अभियान आयोजित किए जाएंगे।

प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी, प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विदेशी राम धुर्वे, जिला प्रवक्ता काशीराम उइके, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिलाध्यक्ष बिहारी राम धुर्वे, फगनू राम धुर्वे, हेमंत ठाकुर और जिला मीडिया प्रभारी मोहन कश्यप सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

भाजपा ने जनजातीय गौरव सप्ताह को केवल जयंती आयोजन नहीं, बल्कि जनजातीय महापुरुषों के इतिहास, अधिकारों और सांस्कृतिक विरासत को समाज के सामने लाने का अभियान बताया।

Leave Your Comment

Click to reload image