दुर्गा विसर्जन देखने गए परिवार के सूने मकान को बनाया निशाना, चांदी की पैरी चोरी करने वाला आरोपी कबीरधाम पुलिस की गिरफ्त में
कबीरधाम |
2026-11-15 15:10:51
आलमारी का लॉक तोड़कर चुराई थी लगभग 50 तोला चांदी की पैरी, नवकार ज्वेलर्स में 38 हजार रुपये में गिरवी रखकर खर्च कर दी थी रकम।
थाना सिटी कोतवाली एवं साइबर थाना की संयुक्त पुलिस टीम की प्रभावी कार्यवाही।
कवर्धा-
कबीरधाम जिले में चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने तथा ऐसे अपराधों में संलिप्त आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध त्वरित वैधानिक कार्यवाही करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार, श्री अमित कुमार पटेल एवं श्री अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन में कबीरधाम पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली एवं साइबर थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने दुर्गा विसर्जन कार्यक्रम देखने गए परिवार के सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
घटना का विवरण –
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 20.10.2026 को ग्राम छिरहा निवासी प्रार्थी रोहित पटेल अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर दुर्गा विसर्जन देखने गए थे। दोपहर लगभग 01:00 बजे जब वे वापस घर लौटे, तो उन्होंने देखा कि घर के अंदर रखी गोदरेज आलमारी का लॉक टूटा हुआ था तथा उसमें रखा सामान बिस्तर पर बिखरा पड़ा था। आलमारी के लॉकर में रखी लगभग 50 तोला वजन की एक जोड़ी चांदी की पैरी, जिसकी कीमत करीब 50,000 रुपये थी, गायब मिली।
अज्ञात आरोपी द्वारा घर की ऐसी खिड़की, जिसमें लोहे की रॉड नहीं लगी थी, के रास्ते घर में प्रवेश कर आलमारी का लॉक तोड़ते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 537/2026, धारा 305, 331(3) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
संयुक्त पुलिस टीम ने शुरू की आरोपी की पतासाजी –
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना सिटी कोतवाली एवं साइबर थाना की संयुक्त पुलिस टीम गठित कर अज्ञात आरोपी की पतासाजी प्रारंभ की गई। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार जांच-पड़ताल करते हुए घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की बारीकी से विवेचना की गई तथा संदेहियों की जानकारी एकत्रित की गई।
इसी दौरान विवेचना में प्राप्त तथ्यों एवं संदेहियों से पूछताछ के आधार पर ग्राम छिरहा निवासी संजू यादव, उम्र 23 वर्ष, की संलिप्तता सामने आई। पुलिस टीम द्वारा उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें चोरी की वारदात का खुलासा हुआ।
आरोपी ने कबूल किया अपराध, इस तरह दिया वारदात को अंजाम –
पूछताछ के दौरान आरोपी संजू यादव ने अपने मेमोरेण्डम कथन में बताया कि वह ग्राम छिरहा में मवेशी चराने का काम करता है तथा प्रार्थी रोहित पटेल के मवेशियों को भी चराता था। इस दौरान कभी-कभी रोहित पटेल के घर गाय का दूध निकालने जाने पर उसे जानकारी हुई कि घर में सोने-चांदी के आभूषण आलमारी में रखे जाते हैं। इसी जानकारी के आधार पर उसने चोरी की योजना बनाई।
आरोपी ने बताया कि दिनांक 20.10.2026 को ग्राम में दुर्गा विसर्जन कार्यक्रम आयोजित था। इसी दौरान गांव के अधिकांश लोग विसर्जन देखने गए हुए थे। इसका फायदा उठाकर वह लगभग 11:20 बजे रोहित पटेल के घर पहुंचा और गाय के कोठे के ऊपर चढ़कर सीढ़ी के माध्यम से घर के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद कमरे में रखी गोदरेज आलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखी एक जोड़ी चांदी की पैरी चोरी कर फरार हो गया।
चोरी के जेवर 38 हजार रुपये में रखे गिरवी, रकम खाने-पीने में की खर्च –
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि चोरी करने के बाद वह कवर्धा आया और नवकार ज्वेलर्स में उक्त चांदी की पैरी को अपना बताकर तथा दशहरा त्योहार में पैसों की आवश्यकता होने की बात कहकर 20,000 रुपये में गिरवी रख दिया।
इसके बाद उसने दिनांक 25.10.2026 को 1,000 रुपये, दिनांक 28.10.2026 को 2,000 रुपये तथा दिनांक 02.11.2026 को 15,000 रुपये अतिरिक्त प्राप्त किए। इस प्रकार आरोपी ने चांदी की पैरी के एवज में कुल 38,000 रुपये प्राप्त करना बताया, जिसे उसने अपने खाने-पीने एवं अन्य खर्चों में खर्च कर दिया।
आरोपी द्वारा चांदी की पैरी गिरवी रखने की पर्ची अपने पास रखी होना बताते हुए पुलिस के समक्ष प्रस्तुत की गई। साथ ही नवकार ज्वेलर्स में चलकर चोरी के जेवर की पहचान कराने की बात भी कही गई।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका –
उक्त संपूर्ण कार्यवाही जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री आशीष शुक्ला एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अजाक/क्राइम श्री प्रशांत देवांगन के मार्गदर्शन में की गई।
इस कार्यवाही में थाना सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्री लालजी सिन्हा एवं साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक श्री उमाशंकर राठौर के नेतृत्व में गठित संयुक्त पुलिस टीम के सहायक उप निरीक्षक राजकुमार चन्द्रवंशी, प्रधान आरक्षक अमित चंद्रवंशी, आरक्षक अमित ठाकुर, अजय वैष्णव एवं गज्जू राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस की आम नागरिकों से अपील –
कबीरधाम पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि घर से बाहर जाते समय अपने घर के सभी खिड़की-दरवाजों को अच्छी तरह सुरक्षित एवं लॉक करके जाएं। घर में रखे कीमती सामान एवं आभूषणों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल इसकी सूचना नजदीकी थाना अथवा पुलिस को दें। आपकी सतर्कता ही अपराधों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।