कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने निर्माणाधीन महतारी सदन का किया निरीक्षण
कबीरधाम |
2026-11-15 15:14:49
निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
कवर्धा, 13 नवंबर 2026। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज सहसपुर लोहारा विकासखंड के ग्राम चारभाठा में निर्माणाधीन महतारी सदन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महतारी सदन के निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक चरण में निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कहा कि महतारी सदन महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा केंद्र साबित होगा। इसके निर्माण से ग्रामीण महिलाओं को विभिन्न सामाजिक, सामुदायिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के आयोजन के लिए एक बेहतर और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। इससे महिलाओं की सामुदायिक भागीदारी को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें, ताकि महतारी सदन का निर्माण शीघ्र पूर्ण होकर महिलाओं को इसका लाभ मिल सके।